अगले वर्ष से साल में दो बार कक्षा 10वीं और 12 वीं बोर्ड परीक्षा में बैठने के विकल्प पर विचार

मंत्रालय और सीबीएसई साल में दो बार बोर्ड परीक्षा आयोजित करने के लिए अगले महीने स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के साथ हो सकती है चर्चा

नई दिल्ली/रायपुर (News27) 27.04.2024 । केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय ने केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से शैक्षणिक सत्र 2025-26 से साल में दो बार बोर्ड परीक्षाएं कराने की तैयारी करने को कहा है। वहीं, सूत्रों ने कहा कि सेमेस्टर प्रणाली शुरू करने की योजना को खारिज कर दिया गया है। सूत्रों ने कहा कि मंत्रालय और सीबीएसई साल में दो बार बोर्ड परीक्षा आयोजित करने के लिए अगले महीने स्कूलों के प्रधानाध्यापकों के साथ चर्चा करेंगे। सीबीएसई वर्तमान में इस बात पर काम कर रहा है कि स्नातक प्रवेश कार्यक्रम को प्रभावित किए बिना एक और बोर्ड परीक्षा को समायोजित करने के लिए अकादमिक कैलेंडर को कैसे तैयार किया जाएगा। सूत्र ने बताया, शैक्षणिक सत्र 2025-26 से वर्ष के अंत में बोर्ड परीक्षाओं के दो संस्करण आयोजित करने का विचार किया जा रहा है, लेकिन तौर-तरीकों पर अभी भी काम करने की जरूरत है। यह निर्णय छात्रों के पास अच्छा प्रदर्शन करने के लिए पर्याप्त समय और अवसर हो, इसके मद्देनजर लिया गया है। हालांकि, सेमेस्टर प्रणाली को लागू करने की कोई योजना नहीं है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने पिछले साल अक्टूबर में एक साक्षात्कार में ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया था कि छात्रों के लिए साल में दो बार बोर्ड परीक्षा देना अनिवार्य नहीं होगा। उन्होंने कहा था-छात्रों के पास इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई की तरह साल में दो बार (कक्षा 10वीं और 12 वीं बोर्ड) परीक्षा में बैठने का विकल्प होगा। वे सर्वश्रेष्ठ स्कोर चुन सकते हैं…लेकिन यह पूरी तरह से वैकल्पिक होगा, कोई बाध्यता नहीं होगी।

———————————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top