अशोका बिरयानी के सभी सेंटर सील, सेंटर के छह कर्मचारी हिरासत में, लाश को लेकर प्रदर्शन, मांगा मुआवजा

रायपुर (News27) 20.04.2024 ।  तेलीबांधा थाना क्षेत्र में संचालित अशोका बिरयानी सेंटर का गटर साफ करने उत्तरे दो कर्मचारियों की मौत के बाद मृतक के परिजन आक्रोश में हैं। शुक्रवार को परिजनों ने बिरयानी सेंटर के बाहर लाश रखकर प्रदर्शन किया। वहीं बिरयानी सेंटर में मीडियाकर्मियों से दुर्व्यवहार और मारपीट के आरोप में तीन पुरुष कर्मचारियों और तीन महिला कर्मियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर उनके खिलाफ प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए कोर्ट में पेश कर जेल दाखिल करा दिया है। इधर निगम प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अशोका बिरयानी के सभी सेंटर को सील कर दिया है। गौरतलब है कि अशोका बिरयानी में इलेक्ट्रीशियन का काम करने वाले नील कुमार पटेल तथा डेविड साहू को दबावपूर्वक गटर की सफाई करने आधा फीट से कम गोलाई वाली टंकी में उतारा गया था, जहां दोनों कर्मचारियों की दम घुटने से मौत हो गई थी।  कर्मचारियों की मौत की घटना पर बिरयानी सेंटर प्रबंधन लीपापोती करने कोशिश कर रहा था, इसी दौरान मीडियाकर्मी घटना का कवरेज करने पहुंच गए।  मीडिया को कवरेज करने से रोकने बिरयानी सेंटर संचालक के इशारे पर पत्रकारों के साथ मारपीट करते हुए उनका कैमरा तोड़कर महिला एवं पुरुष कर्मचारियों ने दुर्व्यवहार किया। बिरयानी सेंटर का संचालन बंद बिरयानी सेंटर में दो कर्मचारियों की मौत के घटना के बाद पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है। मामले की जांच करने गुरुवार को फोरेंसिक एक्सपर्ट की टीम भी पहुंची थी। पुलिस ने घटनास्थल के आसपास की जगह को सील कर दिया है। इसके चलते बिरयानी सेंटर का संचालन अघोषित तौर पर बंद है।

———————————–

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top