पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर की शिकायत
रायपुर, 28 अक्टूबर 2025। नगर पालिक निगम रायपुर के अध्यक्ष एवं पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर छत्तीसगढ़ सरकार के 10 मंत्रियों द्वारा दो-दो सरकारी बंगले कब्जा किए जाने की शिकायत की है।
दुबे ने अपने पत्र में उल्लेख किया है कि आवास आवंटन नीति के अनुसार किसी भी मंत्री को केवल एक सरकारी आवास (बंगला) दिए जाने का नियम है, किंतु वर्तमान में राज्य के मंत्रीगण नये रायपुर और पुराने रायपुर — दोनों स्थानों पर बंगलों का उपयोग कर रहे हैं।
यह स्थिति सेंट्रल सिविल सर्विस रूल्स (CCS Rules) 175 का स्पष्ट उल्लंघन है, जिससे भविष्य में कैग (CAG) द्वारा आपत्ति उठाए जाने की संभावना है।
उन्होंने कहा कि दोनों बंगलों के रखरखाव, सुरक्षा, बिजली बिल, बागवानी एवं स्टाफ के वेतन का खर्च विभिन्न विभागों पर डाला जा रहा है, जिससे जनता के विकास कार्यों के लिए निर्धारित बजट का दुरुपयोग हो रहा है।
जीरो टॉलरेंस” का दावा झूठा
दुबे ने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार पहले ही 60 हजार करोड़ रुपये के कर्ज के बोझ में है। ऐसे में मंत्रियों द्वारा दो-दो बंगले रखना मितव्ययता, पारदर्शिता और “जीरो टॉलरेंस” के दावों को झूठा साबित करता है।
उन्होंने प्रधानमंत्री से इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने की मांग की है और कहा है कि यदि अनुमति दी जाए तो वे स्वयं दस्तावेज़ों सहित संपूर्ण जानकारी कलेक्टर के माध्यम से प्रस्तुत करने को तैयार हैं।

