सिडनी विश्वविद्यालय में बीटा गामा सिग्मा की सदस्यता से नवाज़ी जाएंगी
भिलाईनगर, 10 अगस्त 2025।इस्पात नगरी भिलाई की होनहार छात्रा इशिका सिंह ने शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। सिडनी विश्वविद्यालय में अध्ययनरत इशिका को प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय संस्था बीटा गामा सिग्मा की सदस्यता के लिए चुना गया है। यह सम्मान केवल उन छात्रों को मिलता है जो अपने बैच के शीर्ष 10% में स्थान पाते हैं और शिक्षा, नेतृत्व व नैतिक मूल्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हैं।
इशिका का चयन उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता, समर्पण और नेतृत्व क्षमताओं के आधार पर किया गया है। उन्हें यह सम्मान 29 अक्टूबर 2025 को विश्वविद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में प्रदान किया जाएगा।
बीटा गामा सिग्मा को बिजनेस शिक्षा के क्षेत्र में विश्व का सर्वोच्च मानद सम्मान माना जाता है। इसके सदस्य दुनिया के प्रतिष्ठित कंपनियों और संस्थानों में नेतृत्व भूमिकाएं निभा रहे हैं। संस्था के भारत में 8,000 और विश्वभर में 9 लाख सदस्य हैं।
इशिका की इस उपलब्धि पर उनके पिता एवं भिलाई ट्रक टेलर्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के महासचिव मलकित सिंह लल्लू, अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह, शिक्षकों, परिजनों और शुभचिंतकों ने बधाई दी है। इशिका ने अपनी सफलता का श्रेय मेहनत, परिवार के सहयोग और शिक्षकों के मार्गदर्शन को दिया।

