
जशपुर, 11 अक्टूबर 2025।जशपुर पुलिस ने आज एक विशेष अभियान के तहत जिले के विभिन्न थाना और चौकी क्षेत्रों से चोरी या गुम हुए 27 मोबाइल फोन उनके मालिकों को वापस किए। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक कार्यालय के कंट्रोल रूम में आयोजित किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने सभी मोबाइल मालिकों को फोन लौटाते हुए उन्हें चेतावनी दी कि अपने मोबाइल फोन की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मोबाइल फोन चोरी या गुम होने पर आपका महत्वपूर्ण डाटा गलत हाथों में पड़ सकता है और साइबर अपराधियों द्वारा दुरुपयोग किया जा सकता है।
अधिकारी कर्मचारी होंगे सम्मानित
एसएसपी ने यह भी बताया कि गुम मोबाइल फोन ढूंढने का अभियान जारी रहेगा और इसमें विशेष योगदान देने वाले साइबर सेल के अधिकारियों और कर्मचारियों को नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार सोनी, साइबर सेल उप निरीक्षक नसीरुद्दीन अंसारी और अन्य साइबर सेल कर्मचारी उपस्थित थे।

