By.रोहित यादव

बेरहमी से पीटाई
बलरामपुर। जिले के पालगी गांव में अंधविश्वास की एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां जादू-टोना के शक में एक बुजुर्ग को डायन बताकर बेरहमी से पीटा गया। पीड़ित का इलाज जिला अस्पताल बलरामपुर में चल रहा है। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपा है।
पीड़ित बुजुर्ग का नाम सरजू यादव है। सरजू यादव ने बताया कि 16 जनवरी 2026 की शाम जब वे घर लौट रहे थे, तभी गांव के ही चार लोगों ने रास्ते में घेरकर उन पर लाठी-डंडों और लात-घूसों से हमला कर दिया। बुजुर्ग का कहना है कि लंबे समय से उन्हें डायन-टोनही कहकर प्रताड़ित किया जा रहा था।
हमले के दौरान जान बचाने के लिए बुजुर्ग एक घर में घुस गए। उनके शरीर पर चोटों के गहरे निशान मौजूद हैं और फिलहाल उनका इलाज जिला अस्पताल बलरामपुर में जारी है।
पीड़ित के परिजनों का आरोप है कि उन्होंने घटना की शिकायत त्रिकुंडा थाने में दर्ज कराई थी, लेकिन अब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। परिजनों का कहना है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आरोपियों का मनोबल बढ़ेगा और पीड़ित की जान को खतरा बना रहेगा।
परिजनों का कहना है पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही है, अगर आरोपियों को नहीं पकड़ा गया तो हमारे परिवार की जान को खतरा है।”
मामले को लेकर एडिशनल एसपी ने बताया कि त्रिकुंडा थाने में अपराध दर्ज कर लिया गया है और मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
मामले में अपराध पंजीबद्ध कर लिया गया है, जांच और कार्रवाई जारी है।”

