तीन दिन से लापता 3 वर्षीय बालक का जंगल में मिला शव, जंगली जानवर के हमले की आशंका

धमतरी। सीतानदी टाइगर रिजर्व अंतर्गत ग्राम गाताबाहरा से तीन दिन से लापता 3 वर्षीय बालक देवेश कुमार मरकाम का शव मंगलवार को जंगल में मिला।

जानकारी के अनुसार, देवेश रविवार शाम घर के आंगन में खेलते समय अचानक लापता हो गया था। परिजनों एवं ग्रामीणों द्वारा लगातार खोजबीन की जा रही थी। मंगलवार को गांव से लगभग 400 मीटर दूर जंगल क्षेत्र में उसका शव बरामद हुआ।

शव के चेहरे पर जंगली जानवर के हमले के निशान पाए गए हैं, जिससे वन्यजीव हमले की आशंका जताई जा रही है। सूचना पर रिसगांव वन परिक्षेत्र की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने, नियमित गश्त और पिंजरे लगाने की मांग की है।

Back To Top