नए-नए मोबाइल शौक चार युवकों को अपराध की दुनिया में ले गया

मोबाइल का शौक बना सलाखों का रास्ता

जशपुर।नए-नए मोबाइल और गैजेट रखने का शौक आखिरकार चार युवकों को अपराध की दुनिया में ले गया। थाना बगीचा क्षेत्र के महादेव डांड में स्थित तनवी मोबाइल शॉप से लाखों रुपए के मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करने वाले चारों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों के पास से 61 मोबाइल फोन, स्पीकर बॉक्स, चार्जर, हेडफोन, ईयरबड्स और टॉर्च बरामद किए गए हैं। बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 3 लाख 20 हजार रुपए आंकी गई है।

घटना कैसे हुई

प्रार्थी जाकिर हुसैन (34 वर्ष) निवासी सुखबासु पारा, वार्ड नंबर-07 ने थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनकी तनवी मोबाइल शॉप का ताला 27 सितंबर की रात अज्ञात चोरों ने तोड़ दिया। अगले दिन सुबह जब वे दुकान पर पहुँचे तो शटर टूटा मिला और पूरा सामान बिखरा पड़ा था। दुकान से जियो भारत कंपनी के 9 मोबाइल, जियो फोन 22 नग, सैमसंग 5 नग, चाइना फोन 6 नग, अन्य कंपनियों जैसे विवो, लावा, पोको, मोटो आदि के 12 मोबाइल, साथ ही स्मार्ट वॉच, बीटी बॉक्स, हेडफोन और रिपेयरिंग के लिए रखे फोन समेत कुल 61 नग इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी हो गए थे।

पुलिस की जांच और खुलासा

रिपोर्ट पर तत्काल अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस जांच में जुट गई। घटना स्थल का निरीक्षण किया गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। साथ ही पुलिस की तकनीकी टीम और मुखबिरों की मदद से संदिग्धों पर नजर रखी गई। इसी दौरान पुलिस को सुराग मिला कि आरोपी डॉन तिर्की घटना की रात संदिग्ध गतिविधियों में देखा गया था। पूछताछ में पहले तो उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन सख्त और मनोवैज्ञानिक पूछताछ के आगे टूट गया और तीन अन्य साथियों का नाम बताया।

गिरफ्तार आरोपी

1. डॉन तिर्की (18 वर्ष) – निवासी महादेव डांड

2. अरविंद टोप्पो (24 वर्ष) – निवासी महादेव डांड

3. एलरिक बेक (22 वर्ष) – निवासी महादेव डांड

4. पुरन थापा (23 वर्ष) – निवासी विरापट्टी, वाराणसी (उ.प्र.), वर्तमान निवास महादेव डांड

चारों आरोपियों ने शराब पीने के बाद चोरी की योजना बनाई और दुकान का ताला तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पुलिस टीम की भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक संतलाल आयाम, सहायक उप निरीक्षक अनिल कामरे, नरेश मिंज, प्रधान आरक्षक ईस्ताख खान एवं आरक्षक रमेश गृही की सराहनीय भूमिका रही।

एसएसपी का बयान

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने बताया कि – “पुलिस ने महादेव डांड मोबाइल शॉप चोरी का सफल खुलासा कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से चोरी का पूरा सामान बरामद कर लिया गया है और आगे की कानूनी कार्रवाई पूरी कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।”

Back To Top