साहू संघ व एमजीएम नेत्र संस्थान के सहयोग से निःशुल्क नेत्र जाँच शिविर

सैकड़ों ग्रामीणों ने उठाया लाभ


विरेन्द्र साहू | तिल्दा-नेवराबेमता। ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की सुलभता को ध्यान में रखते हुए ग्रामीण साहू संघ बेमता एवं एम.जी.एम. नेत्र संस्थान, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में ग्राम बेमता में निःशुल्क नेत्र जाँच शिविर का सफल आयोजन किया गया। यह शिविर रविवार, 21 दिसंबर 2025 को साहू समाज भवन, बेमता में आयोजित हुआ, जिसमें सुबह से ही ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण सहभागिता देखने को मिली।
शिविर के दौरान लगभग 200 लोगों ने अपनी आँखों की जाँच करवाई। जाँच उपरांत आवश्यकतानुसार लोगों को निःशुल्क चश्मों का वितरण किया गया। वहीं जिन मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई, उन्हें निःशुल्क उपचार हेतु एम.जी.एम. नेत्र संस्थान, रायपुर ले जाने की समुचित व्यवस्था की गई। अनुभवी नेत्र चिकित्सकों की टीम द्वारा की गई जाँच से विशेषकर बुजुर्गों एवं जरूरतमंद ग्रामीणों को बड़ा लाभ मिला।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत बेमता के सरपंच डॉ. जगराखन साहू, तहसील साहू संघ तिल्दा युवा प्रकोष्ठ के सचिव श्री पोषण साहू, ग्रामीण साहू संघ बेमता के अध्यक्ष श्री तखत राम साहू, उपाध्यक्ष श्री शेखर साहू सहित साहू समाज के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने शिविर के सफल आयोजन में सक्रिय सहभागिता निभाई।
तहसील साहू संघ तिल्दा के सचिव पोषण साहू ने बताया कि इस प्रकार के शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग को समय पर उपचार उपलब्ध कराना है। ग्रामीण साहू संघ बेमता का यह प्रयास समाज सेवा और मानवीय संवेदनाओं का उत्कृष्ट उदाहरण है।
वहीं सरपंच डॉ. जगराखन साहू ने निःशुल्क नेत्र जाँच शिविर के सफल आयोजन हेतु आयोजकों एवं एम.जी.एम. नेत्र संस्थान, रायपुर का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की निरंतरता की अपेक्षा जताई।

Back To Top