बलरामपुर-रामानुजगंज (छत्तीसगढ़)। परिवहन चेकपोस्ट धनवार में ड्यूटी कर रहे शासकीय कर्मचारियों से मारपीट एवं गाली-गलौज करने वाले आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है।पुलिस के जानकारी के अनुसार दिनांक 04 अक्टूबर 2025 को परिवहन उपनिरीक्षक श्री भूषण ध्रुव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह आरटीओ बेरियर धनवार में हमराह परिवहन उपनिरीक्षक सिद्धार्थ पटेल, प्र.आर. कौशल साहू एवं चालक ओमप्रकाश राजवाड़े के साथ ड्यूटी पर तैनात थे।
रात्रि 10:10 बजे, आरोपी चंदन यादव, कैलाश यादव, उपेन्द्र उर्फ गोलू यादव एवं अन्य पाँच अज्ञात व्यक्ति आरटीओ बेरियर में पहुँचे और पूर्व विवाद को लेकर वाद-विवाद करने लगे। आरोपियों ने कार्यालय में घुसकर प्रार्थी और उनके ड्राइवर के साथ मारपीट की तथा बहन की गंदी-गंदी गालियाँ दीं। इसके बाद आरोपियों ने आरटीओ कैम्पस और आवासीय परिसर में घुसकर अन्य स्टाफ से भी गाली-गलौज एवं मारपीट की।
पिकअप बेरिकेट पर चढ़ाने से हुआ विवाद
आरोपी चंदन यादव द्वारा पिकअप वाहन तेज गति से चलाकर बेरिकेट पर चढ़ा दिया गया था, जिसके कारण पूर्व में विवाद हुआ था। उसी रंजिश के चलते 04 अक्टूबर को एक राय होकर आरोपीगण स्कॉर्पियो और बाइक से आरटीओ कार्यालय पहुँचे और हमला किया। जांच में पता चला कि दिनांक 01 जनवरी 2025 को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपना जुर्म स्वीकार किया। प्रकरण में कुल 5 आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। सभी को न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया गया है, वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
गिरफ्तार आरोपी
मामला अपराध क्रमांक 183/2025, धारा 121, 132, 221, 191(2), 296, 331(6) भा.दं.सं. के तहत दर्ज किया गया है।
- कैलाश यादव पिता स्व. जितेन्द्र प्रसाद यादव, उम्र 42 वर्ष, निवासी बसंतपुर
- उपेन्द्र उर्फ गोलू यादव पिता सहदेव यादव, उम्र 25 वर्ष, निवासी प्रेमनगर
- रंजन रवि पिता सितलाल रवि राम, उम्र 32 वर्ष, निवासी बसंतपुर
- अर्जुन यादव पिता शिवकुमार यादव, उम्र 20 वर्ष, निवासी जमई, थाना बसंतपुर
- विधि से संघर्षरत बालक
इनका रहा योगदान
इस कार्रवाई में निरीक्षक जितेन्द्र सोनी, उप निरीक्षक रघुनाथ सिंह मरावी, सजनि धनसिंह सांडिल्य, प्र.आर. पंकज पोर्टी, आरक्षक विवेक कुमार (आर.742) एवं आरक्षक अनिल पंडवार (आर.1128) की सराहनीय भूमिका रही।

