रायपुर, 21 सितम्बर।भारतीय क्रिकेट प्रशासन में छत्तीसगढ़ एक नया इतिहास रचने जा रहा है। प्रदेश के प्रभतेज भाटिया, जिन्होंने पहले बीसीसीआई के कोषाध्यक्ष का पद संभाला था, अब लगभग तय है कि 28 सितम्बर को होने वाले औपचारिक ऐलान में वे ज्वाइंट सेक्रेटरी नियुक्त होंगे।
भाटिया इस पद पर पहुंचने वाले प्रदेश के पहले व्यक्ति होंगे, जिन्होंने बीसीसीआई के दो शीर्ष पदों की जिम्मेदारी निभाई होगी। ज्वाइंट सेक्रेटरी का दायित्व बेहद अहम माना जाता है, क्योंकि भारतीय अंडर-19 टीम और महिला क्रिकेट टीमों के चयन की प्रक्रिया इसी पद के अधीन होती है।
इस संभावना ने पूरे प्रदेश के खेल प्रेमियों में उत्साह भर दिया है। माना जा रहा है कि भाटिया की मौजूदगी से छत्तीसगढ़ के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय टीम का रास्ता और आसान होगा। हाल ही में प्रदेश के दो खिलाड़ियों का चयन दिलीप ट्रॉफी के लिए हुआ था और मध्य क्षेत्र ने पहली बार यह खिताब जीता।
बीसीसीआई की नई कार्यकारिणी में दिल्ली के मिथुन मन्हास अध्यक्ष, राजीव शुक्ला उपाध्यक्ष, असम के सैकिया सचिव, रघुराम भट कोषाध्यक्ष और अरुण धूमल आईपीएल चेयरमैन बने रहेंगे। इस टीम में प्रभतेज भाटिया की भूमिका प्रदेश की बढ़ती हैसियत को दर्शाती है।
रायपुर, बिलासपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ में यह खबर चर्चा का विषय बन चुकी है। अब सबकी निगाहें 28 सितम्बर पर टिकी हैं, जब यह घोषणा प्रदेश क्रिकेट को नई पहचान और गौरव दिला सकती है।

