आठ आरोपी गिरफ्तार ,एक फरार
बलरामपुर ।दहेजवार चौक स्थित धनंजय ज्वेलर्स में 30 और 31 अक्टूबर की मध्यरात्रि हुई चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। अज्ञात नकाबपोश चोरों द्वारा दुकान का शटर तोड़कर नगदी और सोने चाँदी के आभूषण चोरी करने की सूचना पर थाना बलरामपुर में अपराध क्रमांक 159/2025 धारा 331(4), 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही थी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक दीपक झा, पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्वदीपक त्रिपाठी के मार्गदर्शन में विशेष अनुसंधान टीम का गठन किया गया। टीम ने अलग-अलग यूनिट बनाकर अज्ञात चोरों के संभावित मार्गों के सौ से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय स्रोतों को सक्रिय किया। पुलिस को शुरुआती सुराग मिलते ही सीतापुर क्षेत्र के संदिग्धों पर गोपनीय निगरानी बढ़ाई गई।
जांच के दौरान चार आरोपियों की पहचान हुई। जिनमें शिव कुमार (18), सूरज सिंह (19), वेद सिंह (21) और सूर्या गिरी (19) सभी निवासी नकना व बिशुनपुर, थाना सीतापुर, सरगुजा शामिल है। वही सहयोगी आरोपी अजीत, 25 वर्ष, सीतापुर ,बादल दास, 22 वर्ष, थाना सन्ना, जशपुर ,राजेश अग्रवाल, 40 वर्ष, ग्राम बनेया, सीतापुर रोशन सोनी, 24 वर्ष, महुआपारा, अंबिकापुर (स्वर्ण महल ज्वेलर्स) है। टीम ने चारों मुख्य आरोपियों को नकना के जंगल से दबिश देकर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने साथ एक अन्य साथी समेत कुल छह लोगों के शामिल होने की बात स्वीकार की। आरोपियों ने बताया कि सभी 02 मोटरसाइकिलों से बलरामपुर आए और धनंजय ज्वेलर्स का शटर तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। चोरी किए गए गहनों को प्रतापगढ़ निवासी राजेश अग्रवाल, बादल व अजीत के संपर्क से अंबिकापुर के स्वर्ण महल ज्वेलर्स संचालक रोशन सोनी को बेच दिया गया था।
गहनों को रोशन सोनी ने गलाकर आगे विक्रय कर दिया था। पुलिस ने उसके घर से भी कुछ मात्रा में सोना चाँदी बरामद किया। आरोपियों ने बिक्री से मिली रकम आपस में बांट ली और उसी से एक पल्सर मोटरसाइकिल, एक टीवीएस स्कूटी, दो सेकंड हैंड आईफोन खरीदे। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल अपाचे बाइक और एक कार भी जब्त की है।
पुलिस अधीक्षक बलरामपुर वैभव बैंकर ने बताया विशेष टीम ने चोरी हुई संपत्ति, नगदी और बिक्री से अर्जित रकम समेत कुल लगभग 50 लाख रुपए का माल बरामद कर लिया है। मुख्य चार आरोपियों के अलावा चोरी की संपत्ति खरीदने-बेचने में शामिल चार अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। एक आरोपी अभी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यही गिरोह 22 अक्टूबर 2025 को सूरजपुर की एक ज्वेलरी दुकान में हुई चोरी में भी शामिल था।

