सीएम ने रविवार को ग्राम दुलदुला में की थी घोषणा, 24 घण्टे के कम समय में जिले वासियों को मिला एम्बुलेंस और शव वाहन की सुविधा
रायपुर (News27) 16.07.2024 । मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कौशल्या साय ने आज सीएम कैंप बगिया में दो एंबुलेंस और एक शव वाहन को हरी झंडी दिखा कर जरूरतमंद मरीजों की सेवा के लिए रवाना किया। दरअसल सीएम विष्णुदेव साय की घोषणा अनुरूप यह पहल किया गया। जशपुर जिले को मिली इस सौगात से स्थानीय वासियों और स्वास्थ्य सेवा संस्थानों में हर्ष है। एंबुलेंस दुलदुला ब्लॉक के करडेगा और फरसाबहार ब्लाक के कोल्हेनझरिया में सेवा देगी। वहीं मुक्तांजली वाहन दुलदुला में सेवा प्रदान करने के लिए तैनात रहेगी। ज्ञात हो कि रविवार को ही सीएम साय ने ग्राम दुलदुला में आयोजित मतदाता अभिनंदन समारोह में इसकी घोषणा की थी। घोषणा के 24 घंटे से भी कम समय में ही जिलेवासियों को एम्बुलेंस और शव वाहन की सुविधा मिली है। यह भी उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री श्री साय की पहल से दिसंबर 2023 से अब तक जिले को 7 एंबुलेंस और 1 शव वाहन मिल चुके हैं। इससे मरीजों की सेवा में लगे एंबुलेंस की संख्या जिले में बढ़ कर 21 हो चुकी है। इसके साथ ही कुनकुरी में 220 बिस्तर की क्षमता वाली सर्वसुविधा युक्त अस्पताल निर्माण की घोषणा पहले ही हो चुकी है। जिले के 7 उप स्वास्थ्य केन्द्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का दर्जा देते हुए आवश्यक मानव संसाधन जुटाने के लिए स्वीकृति दी जा चुकी है।
……………………..

