सर्किट हाउस में सम्पन्न हुई यूनिफाईड कमांड की बैठक

रायपुर (News27) 29.06.2024 । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सर्किट हाउस में आयोजित यूनिफाईड कमांड की बैठक में कहा कि केन्द्रीय सुरक्षा बलों और छत्तीसगढ़ पुलिस के संयुक्त प्रयास से नक्सली उन्मूलन पर हो रहे तेजी से काम के बलबूते राज्य में नक्सली गतिविधियांें में कमी आई है। राज्य शासन नियद नेल्लानार योजना के तहत विकास कार्यों की गति बढ़ाने के कारण सघन नक्सली क्षेत्रों में विकास दिखाई देने लगा है, इसके अलावा नक्सलवाद से प्रभावित क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ विकास कार्यों को प्राथमिकता देते हुए सुचारू आवागमन के लिए सड़कए पुल-पुलियों एवं अन्य शासकीय निर्माण कार्यों को उच्च गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं। बैठक में छत्तीसगढ़ राज्य के सीमावर्ती राज्यों विशेषत महाराष्ट्र, तेलंगाना, आन्ध्रप्रदेश और ओडिशा के साथ बेहतर समन्वय, सीमावर्ती क्षेत्रों में संयुक्त कार्यवाही, संपर्क मार्गों पर सुरक्षा बलों से सतत निगरानी के निर्देश के साथ सीमावर्ती राज्यों के साथ सूचनाओं को साझा किये जाने पर भी जोर दिया गया है। बैठक में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा, मुख्य सचिव अमिताभ जैन, पुलिस महानिदेशक अशोक जुनेजा, अपर मुख्य सचिव गृह मनोज पिंगुआ, केन्द्रीय गृह मंत्रालय तथा राज्य शासन, केन्द्रीय सुरक्षा बलों और राज्य पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी समेत विभिन्न विकास एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे। – फाईल फोटो
……………

