योगी आदित्यनाथ ने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को उपहार में भेजा आमों का टोकरा

श्री साय ने कहा- स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों से भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करने और उन्हें सम्मान देने का यह उत्कृष्ट तरीका

स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े काकोरी के नाम से उत्तर प्रदेश सरकार कर रही है आमों की ब्रांडिग

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा- इन आमों में बसी हैं भगवान श्री राम की यादें

रायपुर (News27) 11.08.2024 । छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उपहार में काकोरी आमों की टोकरी पाकर उन्हें पत्र लिखकर हृदय से धन्यवाद प्रेषित करते हुए कहा है कि यह उपहार पाकर मैं अत्यंत भावुक और अभिभूत हूं।

मुख्यमंत्री श्री साय ने योगी आदित्यनाथ को लिखे पत्र में कहा है कि आपके मधुर संदेश के साथ मुझे प्राप्त हुए काकोरी आमों का स्वाद अत्यंत ही मधुर है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि उत्तर प्रदेश की पहचान आमों से भी है और महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से भी। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन दोनों पहचानों को एकाकार करते हुए जो अद्भुत पहल की है, वह प्रेरक है। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को सम्मान देने का यह श्रेष्ठ तरीका है। इससे हम अपने महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों से भावनात्मक जुड़ाव स्थापित करते हुए उस महान संग्राम की यादों को अपने सबसे प्रिय क्षणों में शामिल कर सकेंगे।

श्री साय ने पत्र में उल्लेख किया है कि ऐतिहासिक रूप से भी उत्तर प्रदेश और छत्तीसगढ़ भावनात्मक रूप से हमेशा जुड़े रहे हैं। उत्तर कोसल और दक्षिण कोसल के रूप में पहचाने वाले दोनों भू-भागों के निवासीगण राजा राम की ही प्रजा रहे हैं। प्रभु श्रीराम की माता कौशल्या ने छत्तीसगढ़ में जन्म लिया और भगवान श्री राम का जन्म अयोध्या में हुआ। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम जब भी अयोध्या से छत्तीसगढ़ ननिहाल आते रहे होंगे, तब उनके साथ रसीले आमों के टोकरे भी जरूर आते रहे होंगे, तभी छत्तीसगढ़ के आमों में भी ऐसा ही स्वाद है। वनवास के समय यहां के आम हमारे रामलला को वहां के आमों की अवश्य याद दिलाते रहे होंगे।

उल्लेखनीय है कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ ने काकोरी आमों के साथ छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री साय को भेजे गए पत्र में उत्तरप्रदेश में आमों के प्रचुर उत्पादन और वहां की लोकप्रिय प्रजातियों का विस्तार से उल्लेख किया है। उन्होंने बताया है कि स्वतंत्रता संग्राम का साक्षी रहा काकोरी आम उत्पादन का भी प्रमुख केंद्र है। उत्तर प्रदेश सरकार ने आमों का विपणन काकोरी ब्रांड के नाम से शुरू किया है। -फाईल फोटो

——————————————————————

यह भी पढ़ें:-

साय सरकार की पहल: राज्य के 160 आईटीआई होंगे अपग्रेड

राज्य के युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि: राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा

युवाओं को स्थानीय उद्योगों की मांग के मुताबिक मिलेगा प्रशिक्षण

मॉडल आईटीआई के रूप में उन्नयन के लिए 484.22 करोड़ रूपए जारी

रायपुर (News27) 11.08.2024 । मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की पहल पर छत्तीसगढ़ के युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए राज्य के 160 आईटीआई को मॉडल आईटीआई के रूप में उन्नयन किया जा रहा है। इसके लिए रोजगार एवं प्रशिक्षण विभाग द्वारा 484 करोड़ 22 लाख रूपए की स्वीकृति जारी की गई है। मॉडल आइटीआई में उन्नयन के पश्चात युवाओं को स्थानीय उद्योगों की मांग के मुताबिक प्रशिक्षण मिल सकेगा।

राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने मॉडल आईटीआई में उन्नयन को राज्य के युवाओं के लिए बड़ी उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की मंशा के अनुरूप राज्य के आईटीआई को मॉडल आईटीआई में अपग्रेड करने की योजना तैयार की गई है। उन्होंने बताया कि योजना के पहले चरण में प्रदेश के 160 आईटीआई के लिए 484.22 करोड़ रूपए का तीन वर्षीय प्रस्ताव स्वीकृत किया गया है। बलौदाबाजार के सकरी स्थित आईटीआई को मॉडल आईटीआई बनाने का काम जल्द शुरू होगा। इसके लिए सिडबी योजना के तहत 20 करोड़ 13 लाख रुपए की राशि की स्वीकृति जारी की गई है।

राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने बताया कि बलौदाबाजार के सकरी शासकीय आई टी आई के विभिन्न ट्रेड का उन्नयन और अधोसंरचना के कार्य किये जाएंगे। शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान में मशीन टूल्स और उपकरण के लिए 3 करोड़ 23 लाख रुपए जारी किया गया है। इसमें कंप्यूटर, हार्डवेयर और नेटवर्क मेंटनेंस के लिए 1 करोड़ 5 लाख रूपए, इलेक्ट्रिशियन के लिए 75 लाख रूपए, फीटर के लिए 46 लाख, मेकेनिक डीजल के लिए 44 लाख रूपए और वेल्डर के लिए 53 लाख रूपए शामिल है। इसी तरह सिविल वर्क में आईटीआई के नए भवन निर्माण के लिए 3 करोड़ 44 लाख रूपए, गार्ड रूम के लिए 7 लाख 42 हजार रूपए, मोटर गाड़ियों के पार्किंग के लिए 1 करोड़ 25 लाख रूपए, स्टाफ क्वाटर्स निर्माण के लिए 11 करोड़ 78 लाख रूपए तथा प्रवेश द्वार और बाऊण्ड्रीवाल के लिए 34 लाख 80 हजार रूपए की राशि स्वीकृत की गई है। -फाईल फोटो

——————————————————————————————

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top