रुपये को लेकर हुए विवाद में युवक की मौत 

हाथ-मुक्का व डंडे से की गई थी मारपीट, इलाज के दौरान तोड़ा दम

बलरामपुर-रामानुजगंज।थाना चांदों क्षेत्र अंतर्गत रुपये को लेकर हुए विवाद में एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस ने हत्या के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम घोड़सोत मड़वा निवासी केयर सोनवानी (50 वर्ष) ने थाना चांदों में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 20 दिसंबर की रात लगभग 9 बजे उसके छोटे भाई सुरेश सोनवानी ने सूचना दी कि उसके भाई मेवालाल सोनवानी की उसी दिन रात करीब 8:30 बजे मृत्यु हो गई है।

प्रार्थी ने बताया कि इससे पूर्व दिनांक 16 दिसंबर की शाम ग्राम सुखरी खाड़ मड़वा निवासी बितन अगरिया (28 वर्ष) मृतक के घर गया था। इसी दौरान मृतक द्वारा आरोपी के पहने शर्ट की जेब से रुपये निकालकर गिनने को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने मृतक के साथ हाथ-मुक्कों व डंडे से मारपीट की, जिससे उसके सिर व आंख के ऊपर गंभीर चोट आई। गंभीर रूप से घायल मेवालाल सोनवानी की इलाज के दौरान 20 दिसंबर की रात मृत्यु हो गई।

मामले की सूचना पर थाना चांदों में अपराध क्रमांक 46/2025 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने आरोपी बितन अगरिया को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया गया।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी हुई है।

Back To Top