वाद-विवाद में हत्या का प्रयास करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार

बलरामपुर। थाना कोतवाली बलरामपुर पुलिस ने आपसी विवाद के दौरान हत्या का प्रयास करने वाले आरोपी को घटना के कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर लिया। यह घटना थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम डुमरखी की है, जहां बुधवार की शाम दो ग्रामीणों के बीच कहासुनी ने गंभीर रूप ले लिया।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दिनांक 22 अक्टूबर 2025 की शाम ग्राम डुमरखी निवासी अनिल यादव और प्रदीप पैकरा (पिता स्व. गंगा प्रसाद पैकरा, उम्र 60 वर्ष) के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि प्रदीप पैकरा ने धारदार हथियार से अनिल यादव पर हमला कर दिया। आरोपी ने जान से मारने की नीयत से किए गए इस प्राणघातक वार में अनिल यादव के सीने और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें पहुंचाईं।

घटना के बाद घायल अनिल यादव को तत्काल जिला चिकित्सालय बलरामपुर लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं आरोपी प्रदीप पैकरा हमले के बाद मौके से फरार हो गया।

मामले की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी बलरामपुर के नेतृत्व में पुलिस टीम सक्रिय हो गई। पूरी रात क्षेत्र में छापेमार कार्रवाई की गई। ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाया और अगली सुबह उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

घटना के संबंध में थाना बलरामपुर में अपराध क्रमांक 147/2025, धारा 109 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई है।

इस मामले को लेकर गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।

Back To Top