शराबी ने अस्पताल में महिला स्टाफ नर्स को दिया जान से मारने की धमकी

अश्लील गाली-गलौज व धमकी देने वाले आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर-रामानुजगंज। थाना रघुनाथनगर पुलिस ने आज एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सिंह लाल अगरिया (42 वर्ष, पिता रोसे, ग्राम रमेशपुर) को गिरफ्तार किया। आरोपी पर आरोप है कि उसने शराब के नशे में अस्पताल में महिला स्टाफ नर्स के साथ अश्लील गाली-गलौज किया और जान से मारने की धमकी देकर शासकीय कार्य में बाधा उत्पन्न की।

पुलिस की जानकारी के अनुसार, दिनांक 16 अक्टूबर 2025 को श्रीमती राजकली आयाम, जो सीएचसी रघुनाथनगर में स्टाफ नर्स के पद पर कार्यरत हैं, ने थाना रघुनाथनगर में लिखित आवेदन दिया। आवेदन में उन्होंने बताया कि उसी दिन शाम लगभग 3:30 बजे आरोपी अपने भाई के इलाज में देरी का बहाना बनाकर अस्पताल पहुँचा। शराब के नशे में आरोपी ने महिला स्टाफ नर्स को गालियाँ दी और धमकी दी, जिससे अस्पताल में लगभग दो घंटे तक शासकीय कार्य बाधित रहा।

यह धारा लगा

इस गंभीर घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विश्व दीपक त्रिपाठी तथा अनुविभागीय अधिकारी रामअवतार ध्रुव के मार्गदर्शन में थाना रघुनाथनगर ने तुरंत कार्रवाई की। प्रार्थी की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 139/2025 के तहत धारा 221, 224, 296 और 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

पुलिस की तत्परता और प्रभावी कार्रवाई के चलते आरोपी को दिनांक 17 अक्टूबर 2025 को गिरफ्तार किया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

शासकीय कार्य में बाधा डालना अपराध

पुलिस प्रशासन ने इस अवसर पर स्पष्ट किया कि सरकारी संस्थानों में कर्मचारियों और नागरिकों के साथ किसी भी प्रकार का आक्रामक व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। ऐसे मामलों में पुलिस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी, ताकि संवेदनशील शासकीय संस्थानों में कार्य सुचारु रूप से चलता रहे और कर्मचारियों की सुरक्षा बनी रहे।

पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर ने कहा भविष्य में किसी भी प्रकार की धमकी या शासकीय कार्य में बाधा डालने वाले लोगों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। इस गिरफ्तारी से स्पष्ट संदेश गया कि कानून सबके लिए समान है और किसी के द्वारा संवेदनशील संस्थानों में उत्पन्न की गई अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Back To Top