रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले में आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) एवं एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अभियुक्त चैतन्य बघेल के विरुद्ध विशेष न्यायालय रायपुर में आठवां अभियोग पत्र प्रस्तुत किया है। यह अभियोग पत्र 22 दिसंबर 2025 को दाखिल किया गया।
अब तक इस प्रकरण में मूल अभियोग पत्र सहित कुल 08 अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत किए जा चुके हैं। नवीनतम चालान में अब तक गिरफ्तार सभी आरोपियों के संबंध में जांच की वर्तमान स्थिति के साथ-साथ उनके विरुद्ध एकत्र किए गए डिजिटल साक्ष्यों की रिपोर्ट भी न्यायालय में पेश की गई है। वहीं, जिन आरोपियों की जांच अभी जारी है, उनकी स्थिति का भी उल्लेख किया गया है। प्रकरण की विवेचना लगातार जारी है।
जांच में यह तथ्य सामने आया है कि अभियुक्त चैतन्य बघेल की भूमिका तत्कालीन समय में आबकारी विभाग में वसूली तंत्र (सिंडिकेट) को खड़ा करने, उसके समन्वय और संरक्षणकर्ता के रूप में रही है। वह प्रशासनिक स्तर पर सिंडिकेट के हित में कार्य करने वाले अधिकारियों—अनिल टुटेजा, सौम्या चैरसिया, अरुणपति त्रिपाठी एवं निरंजन दास—और जमीनी स्तर पर सक्रिय सिंडिकेट के मुखिया अनवर ढेबर, अरविंद सिंह व विकास अग्रवाल के बीच तालमेल स्थापित कर उन्हें निर्देशित करता था।
विवेचना में यह भी सामने आया है कि चैतन्य बघेल, अनवर ढेबर की टीम द्वारा एकत्र की गई घोटाले की रकम को अपने भरोसेमंद लोगों के माध्यम से उच्चस्तर तक पहुंचाने और उसका प्रबंधन करता था। उसने त्रिलोक सिंह ढिल्लन की विभिन्न फर्मों के माध्यम से अपने हिस्से की राशि प्राप्त कर बैंकिंग चैनल के जरिए अपनी पारिवारिक फर्मों में ट्रांसफर कराई तथा इस राशि का उपयोग निर्माणाधीन रियल एस्टेट परियोजनाओं में किया। इसके अलावा पारिवारिक मित्रों और सहयोगियों के माध्यम से भी बड़ी मात्रा में घोटाले की रकम प्राप्त कर उसका निवेश किया गया।
ईओडब्ल्यू/एसीबी की जांच में यह भी सामने आया है कि अभियुक्त चैतन्य बघेल ने लगभग 200 से 250 करोड़ रुपये अपने हिस्से में प्राप्त किए। जांच के अनुसार सिंडिकेट को मिलने वाला उच्चस्तरीय संरक्षण, नीतिगत और प्रशासनिक हस्तक्षेप के कारण यह अपराध लंबे समय तक संचालित हो सका।
अद्यतन विवेचना में आबकारी घोटाले की कुल राशि लगभग 3074 करोड़ रुपये आंकी गई है, जबकि अग्रिम जांच में विभिन्न स्रोतों से इस अवैध राशि के 3500 करोड़ रुपये से अधिक होने की संभावना जताई गई है।

