हिंदू समाज के संगठन और सनातन संस्कृति के संरक्षण का संदेश
वीरेन्द्र साहू | तिल्दा-नेवरा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष के अवसर पर देशभर में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रायपुर जिले के तिल्दा ब्लॉक अंतर्गत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के तत्वावधान में एक भव्य हिंदू महासम्मेलन का आयोजन किया गया।
तिल्दा ब्लॉक की ग्राम पंचायत खम्हरिया के मैदान में रविवार को आयोजित इस सम्मेलन में हजारों की संख्या में श्रद्धालु, स्वयंसेवक एवं सनातन संस्कृति से जुड़े लोग शामिल हुए। सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य हिंदू समाज को संगठित करना तथा सनातन संस्कृति, परंपराओं और मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन का संदेश देना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इस अवसर पर तिल्दा-नेवरा नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती चंद्रकला डॉ. खुमान वर्मा विशेष रूप से उपस्थित रहीं। सम्मेलन में विभिन्न सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं वक्ताओं ने हिंदू समाज की एकता, शिक्षा, संस्कृति तथा राष्ट्र निर्माण में उसकी भूमिका पर विस्तार से विचार रखे।
मुख्य वक्ता ने अपने संबोधन में कहा कि, “सनातन संस्कृति हमारी पहचान है। इसकी रक्षा और संवर्धन करना प्रत्येक हिंदू का कर्तव्य है।” उन्होंने युवाओं से सामाजिक समरसता, संस्कारों के पालन और राष्ट्रहित में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी गईं, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं प्रेरणादायक हो गया। आयोजन समिति के अनुसार सम्मेलन पूरी तरह शांतिपूर्ण, अनुशासित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
अंत में उपस्थित सभी लोगों ने हिंदू समाज की एकता बनाए रखने और सनातन मूल्यों के संरक्षण का संकल्प लिया।

