जशपुर, 10 सितम्बर।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन अंकुश के तहत जशपुर पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। नकली सोना को असली बताकर 30 लाख रुपये की ठगी करने वाला फरार आरोपी अशोक बंजारे (40 वर्ष, निवासी पिपरिया, जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर, छत्तीसगढ़) को पुलिस ने दबिश देकर मनेन्द्रगढ़ से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने ठगी से प्राप्त रकम को सरपंच चुनाव और घरेलू खर्चों में उपयोग करने की बात कबूल की है।
मामला क्या था
थाना बगीचा क्षेत्र की एक 58 वर्षीय महिला ने जून 2020 में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसके पति के रिटायरमेंट की 30 लाख रुपये की राशि नकली सोना दिखाकर ठगी ली गई। आरोपियों ने टीन के डिब्बे में लोहे का टुकड़ा रखकर उसे असली सोना बताकर सौंपा और मौके से फरार हो गए।
इस मामले में कुल तीन आरोपी शामिल थे। सहआरोपी अनुप सोनी उर्फ विजय सूर्यवंशी को वर्ष 2021 में गिरफ्तार किया गया था। वहीं दूसरा आरोपी विनोद सूर्यवंशी की सड़क दुर्घटना में मौत होने की जानकारी मिली है, जिसकी पुष्टि की जा रही है।
पुलिस की कार्रवाई
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने फरार आरोपियों की धरपकड़ के लिए विशेष टीम और सायबर सेल गठित की थी। टीम ने सूचना के आधार पर मनेन्द्रगढ़ में दबिश दी और आरोपी अशोक बंजारे को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया।
एसएसपी का बयान
एसएसपी ने कहा – “ऑपरेशन अंकुश के तहत जशपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। ठगी के मामले में पांच साल से फरार आरोपी की गिरफ्तारी की गई है। ऐसे अपराधियों की धरपकड़ हेतु अभियान लगातार जारी रहेगा।”
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बगीचा निरीक्षक संत लाल आयाम, आरक्षक मुकेश पाण्डेय और न.सै. बलिराम रवि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

