ट्रांजेक्शन करते हुए करीब 40 लाख रुपए का हेरफेर
जशपुर, 02 सितम्बर 2025।
जशपुर पुलिस ने साइबर ठगी और म्यूल अकाउंट घोटाले के मामले में बड़ी सफलता हासिल की है। ऑपरेशन अंकुश के तहत फरार आरोपी फिरोज खान (40 वर्ष), निवासी रामपुर, थाना करतला, जिला कोरबा को रायपुर से गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। मामला थाना पत्थलगांव क्षेत्र से जुड़ा हुआ है।
कैसे दिया गया था झांसा
पत्थलगांव की एक व्यवसायी महिला यशोदा कुर्रे (निवासी ग्राम कापू, जिला रायगढ़), जो “कुर्रे कंप्यूटर्स” नाम से दुकान चलाती है, का खाता आईडीएफसी बैंक, पत्थलगांव शाखा में था। आरोपी फिरोज खान, जो अपने आप को मानवाधिकार कार्यकर्ता बताता था, महिला के संपर्क में आया और भरोसा जीत लिया।
दिसंबर 2024 में उसने महिला से यह कहकर उसका खाता नंबर और खाते से लिंक मोबाइल सिम ले लिया कि उसका स्वयं का बैंक खाता अत्यधिक लेन-देन के कारण होल्ड हो गया है और विभागीय भुगतान फंसा हुआ है।
बाद में महिला को शक हुआ और बैंक जाकर पता चला कि आरोपी ने उसके खाते से 2 लाख 91 हजार 500 रुपए निकाल लिए हैं। जांच में खुलासा हुआ कि इस खाते का उपयोग कर आरोपी ने देशभर के लोगों से ठगी की रकम ट्रांजेक्शन करते हुए करीब 40 लाख रुपए का हेरफेर किया है।
पुलिस की कार्रवाई
पत्थलगांव पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2)(4), 318(4), 61(2)(a) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। घटना के बाद से आरोपी फरार था। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी और टेक्निकल टीम व मुखबिरों को सक्रिय किया गया।
आखिरकार सूचना मिली कि आरोपी रायपुर में छिपा हुआ है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देश पर पुलिस टीम ने छापा मारकर आरोपी को हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।
महत्वपूर्ण भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी पत्थलगांव निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक मिथलेश यादव, आरक्षक कमलेश्वर वर्मा व तुलसी रात्रे की अहम भूमिका रही।
पुलिस की सख्त चेतावनी
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जशपुर पुलिस साइबर अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। आरोपी फिरोज खान से पूछताछ में और नामों का खुलासा हुआ है। ठगी के इस नेटवर्क की अगली कड़ियों को भी जल्द बेनकाब कर, संबंधित लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा।

