जशपुरनगर। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की रजत जयंती के उपलक्ष्य में जिले के एकमात्र कन्या महाविद्यालय शासकीय विजय भूषण सिंहदेव कन्या महाविद्यालय में शनिवार को विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। छात्राओं ने पोस्टर लेखन, भाषण, क्विज़ प्रतियोगिता के साथ-साथ एल्यूमनी मीट और रैली में उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह का शुभारंभ प्राचार्य डॉ. एम. गुप्ता के स्वागत उद्बोधन से हुआ। उन्होंने छत्तीसगढ़ की 25 वर्षों की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए छात्राओं को राज्य निर्माण की संघर्ष गाथा और उपलब्धियों से अवगत कराया।
प्रतियोगिताओं में छात्राओं ने दिखाया कौशल
“हमर छत्तीसगढ़ – विकसित छत्तीसगढ़” विषय पर आयोजित पोस्टर प्रतियोगिता में बीएससी तृतीय सेमेस्टर की सरस्वती सिदार प्रथम और बीए तृतीय सेमेस्टर की सरस्वती प्रजापति द्वितीय स्थान पर रहीं।
भाषण प्रतियोगिता में दुर्गावती बाई (बीएससी तृतीय सेमेस्टर) ने प्रथम, कविता (बीएससी प्रथम सेमेस्टर) ने द्वितीय तथा पूजा भगत और कोमल कुमारी ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान प्राप्त किया।
इसी क्रम में छत्तीसगढ़ सामान्य ज्ञान पर आधारित क्विज़ में पूजा यादव (बीएससी तृतीय सेमेस्टर) ने प्रथम, किरण सिंह (बीएससी तृतीय वर्ष) ने द्वितीय और दीपिका यादव व भूमिका चौहान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
एल्यूमनी मीट और रैली रही आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के दूसरे चरण में एल्यूमनी मीट का आयोजन किया गया। इसमें भूतपूर्व छात्राओं और वर्तमान छात्राओं के बीच अनुभव साझा किए गए। महाविद्यालय के विकास और छात्राओं की शैक्षणिक प्रगति पर सकारात्मक चर्चा हुई।
इसके बाद छात्राओं ने निक्की चौक, पोस्ट ऑफिस, जिला अस्पताल और जेल रोड मार्ग से होते हुए विशाल रैली निकाली, जिसका समापन महाविद्यालय परिसर में हुआ। रैली में छात्राओं ने राज्य की उपलब्धियों और महिला शिक्षा के महत्व को लेकर जागरूकता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का संचालन भूगोल विभाग के सहायक प्राध्यापक अर्जुन खलखो ने किया। निर्णायक मंडल में इतिहास की सहायक प्राध्यापक नीता श्रीवास्तव और जंतु विज्ञान की सहायक प्राध्यापक सीमा भगत की भूमिका सराहनीय रही। अंत में कार्यक्रम प्रभारी निमन झरिया मिंज ने आभार व्यक्त किया।

