रायपुर।राज्य आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने कस्टम मिलिंग स्कैम से जुड़े बहुचर्चित मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दीपेन चावड़ा को गिरफ्तार किया है। न्यायालय से चावड़ा को सात दिवस की पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो में दर्ज अपराध क्रमांक 01/24 के तहत यह कार्रवाई की गई है। जांच में सामने आया है कि दीपेन चावड़ा, अनवर ढेबर का निकट सहयोगी है और ईओडब्ल्यू में दर्ज अन्य मामलों में लगभग 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की अवैध धनराशि का प्रबंधक रहा है।
कस्टम मिलिंग स्कैम में भी चावड़ा की भूमिका सामने आई है, जिसमें उसने लोकसेवकों की ओर से करीब 20 करोड़ रुपये की राशि एकत्र की थी।
इस प्रकरण में फरवरी 2025 में तत्कालीन प्रबंध संचालक मनोज सोनी एवं रोशन चंद्राकर के खिलाफ माननीय विशेष न्यायालय (भ्र.नि.अ.) में चालान प्रस्तुत किया जा चुका है। वहीं, अनिल टुटेजा एवं अनवर ढेबर के खिलाफ विवेचना अभी भी जारी है।

