घटनास्थल पर छोड़ा पर्चा, माओवादियों ने हत्या की जिम्मेदारी लेते हुए सरकार पर लगाए आरोप

,बीजापुर 14 अक्टूबर 2025।छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सलियों ने सोमवार तड़के भाजपा कार्यकर्ता सत्यम पुनेम की निर्मम हत्या कर दी। मामला इलमिडी थाना क्षेत्र के मुजाल कांकेर का है।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच हथियारबंद नक्सली पुनेम के घर में घुसे और उसे पकड़कर रस्सी से गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद नक्सली मौके से फरार हो गए, लेकिन लाश के पास एक पर्चा छोड़ गए, जिसमें माओवादी संगठन ने हत्या की जिम्मेदारी ली है। पर्चे में संगठन ने भाजपा, आरएसएस और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार पर “हिन्दुत्व फासीवादी नीति” अपनाने का आरोप लगाते हुए लिखा है कि सरकार मार्च 2026 तक माओवादी आंदोलन के उन्मूलन की योजना पर काम कर रही है।
पुलिस मुखबिर” का आरोप
कथित पत्र में माओवादियों ने यह भी उल्लेख किया है कि मृतक सत्यम पुनेम को संगठन ने 2016 से बार-बार समझाया था कि वह भाजपा संगठन और पुलिस से दूर रहे, लेकिन उसने चेतावनी नहीं मानी और पुलिस को सूचनाएँ देता रहा। संगठन ने उसे “पुलिस मुखबिर” करार देते हुए हत्या को “जन अदालत का निर्णय” बताया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस दल मौके पर पहुँचा, शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया और आसपास के इलाकों में सघन सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया गया।
एसपी कांकेर ने बताया कि नक्सलियों की तलाश तेज़ की गई है, और ग्रामीणों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। प्रशासन ने मुंजाल और आसपास के क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ा दी है।

