रायपुर(News27) 10.03.2024 । प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि आज देश में बेरोजगारी सबसे बड़ी समस्याओं में से एक है। कांग्रेस पार्टी महसूस करती है कि देश का विकास तभी तेज गति से संभव है जब युवा शक्ति का भरपूर उपयोग हो। हर हाथ में काम हो। कोई युवा बेरोजगार न हो। इसी उद्देश्य को लेकर हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने वायदा किया है कि केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनने पर 30 लाख नौकरियों का सृजन किया जाएगा। इस हेतु राहुल गांधी ने 5 चरणों में युवा न्याय की घोषणा की है। लोकसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने 72 प्लान तैयार किए हैं, जिसकी विस्तृत जानकारी समय आने पर दी जाएगी।
बैज ने यह भी कहा
0 केन्द्र सरकार राष्ट्रीय एजेन्सियों का दुरुपयोग कर रही है। चिंतामणी महाराज जब तक कांग्रेस में थे आरोपी थे, भाजपा में गए तो वाशिंग मशीन में धूलकर पाक साफ हो गए।
0 ईडी व सीबीआई जैसी एजेन्सियों का दुरुपयोग न सिर्फ छत्तीसगढ़ बल्कि दूसरे राज्यों में भी हो रहा है।
0 लोकसभा टिकट के संबंध में मैंने अपनी भावनाओं से हाईकमान को अवगत करा दिया है। हाईकमान जो भी फैसला लेगा, दीपक बैज को मान्य होगा।
0 प्रदेश की भाजपा सरकार किसान सम्मेलन के नाम पर छत्तीसगढ़ के किसानों को ठगने का काम कर रही है। भाजपा किसानों की इतनी ही शुभचिंतक होती तो दूसरे राज्य में किसान आंदोलन नहीं चल रहे होते।
0 रायपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विकास उपाध्याय कमजोर चेहरा नहीं।
प्रेस वार्ता में राज्यसभा सांसद फूलोदेवी नेताम, प्रदेश कांग्रेस संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष आकाश शर्मा, प्रदेश कांग्रेस वरिष्ठ प्रवक्ता धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेन्द्र वर्मा, अजय साहू, विकास तिवारी, अजय गंगवानी, सत्यप्रकाश सिंह, शशि भगत, अनुभव शुक्ला, महिला कांग्रेस प्रवक्ता प्रीति उपाध्याय शुक्ला उपस्थित थे।
——————————————

