घर लौट रहें ,भूख लगने पर सड़क किनारे चना खा रहे युवक को कार ने कुचला

200 मीटर तक घसीटा, मौके पर मौत; आरोपी चालक फरार



जशपुर। जिले में शुक्रवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक बालाछापार सरना रिसोट से आगे सड़क किनारे चना खा रहे एक युवक को तेज रफ्तार सफेद कार ने टक्कर मार दी और करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गई। हादसा इतना भीषण था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मृतक प्रदीप सिंह (30 वर्ष), पिता सुखदेव सिंह, निवासी इचकेला जामटोली, अपने साथियों के साथ मजदूरी कर शुक्रवार शाम घर लौट रहा था। रास्ते में बालाछापर के पास सभी लोग खाने का सामान लेकर घर लौट रहें थे। भूख लगने पर सड़क किनारे चना खा रहे थे।तभी अचानक जशपुर से आरा की ओर जा रही तेज रफ्तार सफेद कार ने प्रदीप को जोरदार टक्कर मार दी। कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि युवक को करीब 200 मीटर तक घसीटते हुए ले गई।
हादसे में प्रदीप सिंह की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य चार लोग सुरक्षित बच गए।

घटना के बाद कार चालक फरार


सूचना मिलने पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक युवक दम तोड़ चुका था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई थीं। घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया। सड़क पर कार के कुछ टूटे हुए हिस्से मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने जब्त कर लिया है।


सीसीटीवी में कैद हुई कार


घटना के बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, जिसमें संदिग्ध सफेद कार का फुटेज मिला है। हालांकि वाहन का नंबर स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और फरार चालक की तलाश जारी है।


ग्रामीणों में आक्रोश, मुआवजे की मांग


हादसे के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क बनने के बाद इस मार्ग पर वाहनों की रफ्तार काफी बढ़ गई है और तेज रफ्तार पर लगाम लगाने की जरूरत है। उन्होंने आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग की है। साथ ही मृतक के परिवार को शासन से उचित मुआवजा देने की भी मांग उठाई है।

Back To Top