रायपुर, 28 अक्टूबर 2025।छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य के स्कूल शिक्षा विभाग में 4708 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की अनुमति प्रदान कर दी है। इस संबंध में विभाग की ओर से सोमवार को आदेश जारी किया गया, जिसे अवर सचिव आर.पी. वर्मा ने राज्यपाल के नाम से जारी किया है।
जारी आदेश के अनुसार, शिक्षा विभाग के प्रस्ताव पर विचार करते हुए कुल 5000 शिक्षकीय पदों में से 292 पद घटाए गए हैं। इनमें व्याख्याता (कंप्यूटर) के 146 पद तथा योग प्रशिक्षक के 146 पद शामिल हैं। इन पदों को घटाने के बाद शेष 4708 पदों पर भर्ती की अनुमति दी गई है।
विभागीय आदेश में यह भी उल्लेख किया गया है कि उक्त भर्ती के लिए वित्त विभाग से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त कर ली गई है। वित्त विभाग की सहमति नस्ती क्रमांक FINACC-38029/752/2025, दिनांक 27 अक्टूबर 2025 के तहत दी गई थी।
यह आदेश संचालक, लोक शिक्षण संचालनालय, नवा रायपुर को प्रेषित किया गया है, ताकि आगामी प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जा सके। शिक्षा विभाग के अधिकारियों के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया की रूपरेखा और विज्ञापन जल्द ही जारी किया जाएगा।

