दीपक साहू–राज वर्मा की जोड़ी एक बार फिर साथ, 7 नवंबर को होगी ग्रैंड रिलीज
रायपुर। छत्तीसगढ़ी सिनेमा में अब फ्रेंचाइज़ी फिल्मों का नया ट्रेंड शुरू हो गया है। ‘बीए फर्स्ट ईयर’, ‘बीए सेकंड ईयर’ और ‘बीए फाइनल ईयर’ जैसी सुपरहिट फिल्मों से दर्शकों का दिल जीतने के बाद अब उसी टीम की अगली पेशकश ‘एम ए प्रीवियस’ पर्दे पर दस्तक देने को तैयार है। यह फिल्म 7 नवंबर को प्रदेशभर के सिनेमाघरों में एक साथ रिलीज होगी।
फिल्म का निर्माण राज वर्मा ने किया है और निर्देशन की कमान एक बार फिर प्रणव झा ने संभाली है। ‘अरण्य सिनेमा’ के बैनर तले बनी इस पारिवारिक ड्रामा फिल्म का ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है और दर्शकों से जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है।
कहानी का ताना-बाना
फिल्म दो भाइयों के रिश्ते और उनकी सोच के फर्क को दिखाती है — एक प्रोफेसर और दूसरा ‘एम ए प्रीवियस’ का छात्र। कहानी का दिलचस्प टकराव अरेंज मैरिज और लव मैरिज की विचारधारा के बीच है, जिसे हल्के-फुल्के हास्य और भावनात्मक पलों के साथ दिखाया गया है।
कलाकार और टीम
मुख्य भूमिकाओं में दीपक साहू और राज वर्मा नजर आएंगे। उनके साथ उड़ीसा की जानी-मानी अभिनेत्री हिरनमई दास और सोशल मीडिया स्टार आराधना साहू नजर आएंगी। इसके अलावा राजेश बागमारे, अंजलि चौहान, लक्ष्मी झा, धर्मेंद्र चौबे, संगीता निषाद, राजू कोल्हाटकर और पप्पू चंद्राकर जैसे अनुभवी कलाकार भी शामिल हैं।
संगीत और फिल्म
फिल्म का संगीत सुनील सोनी ने तैयार किया है। उनके गानों को अनुराग शर्मा, कंचन जोशी और चंपा निषाद ने आवाज दी है। ‘सुंदरानी’ यूट्यूब चैनल पर रिलीज गाने लाखों व्यूज हासिल कर चुके हैं। कैमरा संभाला है राज ठाकुर ने, संपादन किया है श्रेष्ठ वर्मा ने और कोरियोग्राफी चंदन दीप, संजू तांडी तथा नंदू (ओडिशा) ने की है।
कलाकारों की राय
दीपक साहू के मुताबिक, “यह फिल्म मेरे दिल के बेहद करीब है। इस सीरीज के साथ मेरा सफर भी आगे बढ़ रहा है।” वहीं, राज वर्मा ने बताया कि निर्देशक प्रणव झा ने पहले से ही इस कहानी को लेकर उन्हें जोड़ लिया था।
अब दर्शकों की निगाहें टिकी हैं 7 नवंबर पर, जब यह बहुप्रतीक्षित फिल्म थिएटर्स में अपना जादू बिखेरेगी।

