जंगली सूअर मारने के लिए बिछाया 11,000 वोल्ट नंगा बिजली तार ग्रामीण झुलसा

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर भेजा जेल

रामानुजगंज, बलरामपुर (24 अक्टूबर 2025)।
ग्राम कनकपुर के बगधरी जंगल में जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाए गए बिजली प्रवाहित तार की चपेट में आने से एक ग्रामीण गंभीर रूप से झुलस गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

थाना रामानुजगंज पुलिस के अनुसार, 05 अक्टूबर 2025 को ग्राम कनकपुर निवासी वीरेंद्र राम पिता झूना राम अपनी बकरियां चराने जंगल गया था। इसी दौरान जंगल में आरोपी छोटेलाल भुईयां (26 वर्ष), पिता बंधु राम, निवासी कनकपुर ने सूअर मारने के लिए बिजली खंभे से तार खींचकर 11,000 वोल्ट का नंगा तार बिछा रखा था। तार की चपेट में आने से वीरेंद्र राम बुरी तरह झुलस गया। उसे गंभीर हालत में रायपुर के डीकेएस अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घटना के बाद आरोपी छोटेलाल अपने परिवार सहित फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में थी। मुखबिर की सूचना पर 24 अक्टूबर 2025 को उसे गिरफ्तार किया गया। आरोपी के कब्जे से बिजली का तार, खूंटी और टांगी जब्त की गई है। उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

पुलिस ने बताया कि छोटेलाल भुईयां आदतन अपराधी है। दो माह पहले भी उसने इसी तरह जंगल में बिजली तार का फंदा बिछाकर जंगली सूअर का शिकार किया था। उस मामले में वन विभाग ने वन्य प्राणी अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उसे जेल भेजा था। हाल ही में जेल से छूटने के बाद आरोपी ने फिर वही हरकत दोहराई, जिसकी चपेट में ग्रामीण आ गया।

Back To Top