जशपुर। समग्र शिक्षा (माध्यमिक) के अंतर्गत जिला स्तरीय कला उत्सव 2025 का आयोजन 27 सितंबर को स्वामी आत्मानंद हिंदी माध्यम विद्यालय के सभागार में हुआ। यह आयोजन जिला कलेक्टर रोहित व्यास के निर्देश और जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार भटनागर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। उद्देश्य था विद्यार्थियों की कलात्मक एवं सांस्कृतिक क्षमताओं को मंच प्रदान करना और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना।
विद्यार्थियों ने कला के विविध आयाम किए प्रस्तुत
जिले के विभिन्न विद्यालयों से आए विद्यार्थियों ने संगीत, नृत्य, नाटक, चित्रकला, पेंटिंग और रंगोली जैसी विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। बच्चों ने पारंपरिक और आधुनिक कला का सुंदर संगम प्रस्तुत किया। सहायक जिला परियोजना अधिकारी विनय कुमार सिन्हा ने स्वागत उद्बोधन में कहा कि जशपुर के विद्यार्थियों में असीम रचनात्मक क्षमता है, उन्हें अवसर और मंच देने की जरूरत है।
प्रतियोगिताओं में छात्रों का उमड़ा उत्साह
एकल नृत्य में स्वामी आत्मानंद विद्यालय के विद्यार्थियों ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
समूह नृत्य और समूह गायन में महारानी लक्ष्मीबाई विद्यालय की छात्राओं ने बाजी मारी।
रंगोली प्रतियोगिता में भी महारानी लक्ष्मीबाई विद्यालय की छात्राओं ने प्रथम स्थान हासिल किया।
स्वच्छता ही सेवा विषय पर आधारित पेंटिंग ने कार्यक्रम को सामाजिक संदेशों से जोड़ दिया।
व्यक्तित्व विकास में कला का महत्वपूर्ण योगदान
कार्यक्रम की अध्यक्षता सहायक संचालक सरोज खलखो ने की। उन्होंने कहा कि कला विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास में अहम भूमिका निभाती है, इसलिए विद्यालय स्तर पर सह-पाठ्यक्रमीय गतिविधियों का नियमित आयोजन आवश्यक है। समारोह का समापन विजेता प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह व प्रमाण पत्र प्रदान कर किया गया।

