अखिल भारतीय कल्याण आश्रम के अध्यक्ष योगेश बापट
जनजातीय समाज के लिए बनेगा रिसर्च सेंटर
देशभर से कल्याण आश्रम के कार्यकर्ता हुए शामिल
जशपुर।वनयोगी बाला साहब देशपांडे की कर्मभूमि जशपुर में लगभग पाँच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वनयोगी बाला साहब देशपांडे स्मृति भवन का विधिवत भूमि पूजन किया गया।इस ऐतिहासिक अवसर के साथ ही अखिल भारतीय कल्याण आश्रम के इतिहास में एक और स्वर्णिम अध्याय जुड़ गया। यह भवन न केवल अखिल भारतीय कल्याण आश्रम बल्कि जनजातीय समाज के गौरव और शोध केंद्र के रूप में स्थापित होगा।
बाला साहब का पोता सचिन देशपांडे
जिला मुख्यालय जशपुर के महापात्रे कॉलोनी में रविवार को बाला साहब स्मृति भवन का भूमि पूजन किया गया। अखिल भारतीय कल्याण आश्रम के संयुक्त महामंत्री रामेश्वर राम द्वारा पूजा संपन्न कराई गई। कार्यक्रम में देशभर से आए कल्याण आश्रम के कार्यकर्ताओं के साथ बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। भूमि पूजन के उपरांत प्रसाद वितरण किया गया।
इस अवसर पर कल्याण आश्रम के राष्ट्रीय अध्यक्ष योगेश बापट ने कहा कि वनयोगी बाला साहब देशपांडे ने जशपुर में लगभग 47 वर्षों तक सेवा कार्य किया। उनकी स्मृति में बनने वाले इस भवन में बाला साहब की प्रतिमा, फोटो गैलरी, पुस्तकालय तथा वकालत से जुड़े वातावरण को सहेजा जाएगा। यह भवन जनजातीय समाज के शोध केंद्र के रूप में भी कार्य करेगा, जहाँ देश-विदेश से आने वाले शोधार्थियों के लिए भोजन एवं ठहरने की व्यवस्था रहेगी।
बाल अवस्था से समाजसेवा के प्रति समर्पण
कार्यक्रम में उपस्थित सचिन देशपांडे ने बताया कि बाला साहब देशपांडे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एवं रामकृष्ण मिशन से जुड़े रहे, जिसका उनके जीवन पर गहरा प्रभाव पड़ा। उन्होंने मात्र 13 वर्ष की आयु में समाजसेवा प्रारंभ कर दी थी। वनवासी समाज की परिस्थितियों को देखकर ही उन्होंने वनवासी कल्याण आश्रम की स्थापना की। उनका पूरा नाम रमाकांत केशव (बालासाहब) देशपांडे था। उनका जन्म 26 दिसंबर 1913 को अमरावती (महाराष्ट्र) में हुआ था। उन्होंने जशपुर में जनजाति समाज के उत्थान के लिये सन 1956 में कल्याण आश्रम’ की स्थापना किया।
पाँच करोड़ की लागत से होगा निर्माण
डॉ. मृगेंद्र सिंह ने बताया कि स्मृति भवन के निर्माण पर लगभग पाँच करोड़ रुपये की लागत आएगी। भवन का निर्माण कल्याण आश्रम एवं जन सहयोग की राशि से किया जायेगा। इसमें बाला साहब से जुड़े विभिन्न स्मृति चिन्ह प्रदर्शित किए जाएंगे, जिन्हें देखने देश ही नहीं बल्कि विदेशों से भी लोग आएंगे।
कार्यक्रम में राजा रणविजय प्रताप सिंह जूदेव, कृपा प्रसाद सिंह, सतेंद्र सिंह, योगेश बापट, अतुल जोग, डॉ. पंकज भटिया, भगवान सहाय, रमेश बाबू सोमैया जुलो, शिवराम कृष्ण, वैभव सुरंगे, प्रमोद पेठेकर, सोनू पांडे सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक व कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

