जशपुर में 52 किलो गांजा जब्त, क्रेटा कार समेत दो तस्कर गिरफ्तार

ऑपरेशन आघात के तहत बड़ी कार्रवाई; उड़ीसा से लाया जा रहा 5 लाख का गांजा पकड़ा, 20 लाख की संपत्ति जब्त

जशपुर।जिले में चलाए जा रहे ऑपरेशन आघात के तहत जशपुर पुलिस ने अवैध नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 52 किलो 100 ग्राम गांजा के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त एक क्रेटा कार भी जब्त की गई है। जब्त गांजे की कीमत लगभग 5 लाख रुपये और वाहन की कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है। कुल जब्ती लगभग 20 लाख रुपये बताई जा रही है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार के मार्गदर्शन में आरा चौकी पुलिस ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 7 फरवरी 2026 की सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्रेटा कार क्रमांक CG-13-AM-9231 में सवार कुछ लोग उड़ीसा से अवैध गांजा लेकर जशपुर आ रहे हैं।

जंगल मार्ग पर नाकाबंदी

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने आरा क्षेत्र के बीरोपानी–काशीबंध जंगल मार्ग पर नाकाबंदी की। चेकिंग के दौरान संदिग्ध क्रेटा कार को रोकने का प्रयास किया गया। वाहन में सवार तीन लोगों में से एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार हो गया, जबकि दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान कार की डिक्की से दो बोरियों में भरे 50 पैकेट गांजा बरामद हुए, जिनका कुल वजन 52 किलो 100 ग्राम पाया गया।

दो आरोपी गिरफ्तार, एक फरार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शहरुख शाह (34) निवासी आजाद मोहल्ला, जशपुर और तारिक अंसारी (27) निवासी कव्वाली मंच के पास, जशपुर के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने उड़ीसा से गांजा लाकर जशपुर में बिक्री करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। तीसरे फरार आरोपी की पहचान कर ली गई है और उसकी तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में एसडीओपी चंद्रशेखर परमा, डीएसपी भावेश समरत, थाना प्रभारी मोरध्वज देशमुख, चौकी प्रभारी चंद्रप्रकाश त्रिपाठी सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही।
डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह ने कहा कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Back To Top