जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बासनताला की छात्राओं का दबदबा

अंडर-17 और अंडर-19 दोनों वर्गों में जीता प्रथम स्थान

जशपुरनगर।जिला स्तरीय शालेय वॉलीबॉल प्रतियोगिता में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बासनताला की छात्राओं ने इतिहास रच दिया। कांसाबेल में आयोजित इस प्रतियोगिता में बासनताला की बालिका टीम ने अंडर-17 और अंडर-19 दोनों वर्गों में प्रथम स्थान हासिल कर जिलेभर में अपनी श्रेष्ठता साबित की।

जिले के आठ विकासखंडों के हाईस्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों की टीमों के बीच कड़े मुकाबले हुए। व्यायाम अनुदेशक मायाराम कुजूर के मार्गदर्शन में बासनताला की खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, आत्मविश्वास और जुझारूपन का परिचय देते हुए हर मैच में जीत दर्ज की।

विजेता टीम के विद्यालय लौटने पर छात्राओं का ज़ोरदार स्वागत किया गया। इस मौके पर प्राचार्य विनय प्रभा खलखो, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी मोहम्मद रईसुल हसन खान और शिक्षकों ने खिलाड़ियों व प्रशिक्षक को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि छात्राओं की कड़ी मेहनत और प्रशिक्षक के सतत मार्गदर्शन का नतीजा है।

विजेता खिलाड़ी

अंडर-17 बालिका टीम – खुशबू बाई, रिया भगत, शिवानी भगत, रामकुमारी हसदा, मोनिका कुजूर, प्रेमिका बाई
अंडर-19 बालिका टीम – चंद्रिका बाई, नेहा कुजूर, देवनंदिनी बाई, दिव्यारोष खाखा, तेजवंती बाई, गायत्री महतो

इन बालिकाओं की जीत ने न सिर्फ़ बासनताला विद्यालय, बल्कि पूरे कुनकुरी विकासखंड को गौरवान्वित किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back To Top