जशपुर । थाना बगीचा पुलिस ने तंत्र-मंत्र के शक में अपनी रिश्ते की फुआ की हत्या करने वाले आरोपी मुकेश पहाड़ी (22 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया। आरोपी ने फूफा पंकज पहाड़ी पर भी हमला किया था।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त टांगी और हत्या के दौरान पहने कपड़े को भी जब्त किया है। आरोपी के खिलाफ थाना बगीचा में बी एन एस की धारा 103(1) व 109 के तहत मामला पंजीबद्ध किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दिनांक 21 अक्टूबर 2025 को ग्राम जामुन जोबला निवासी प्रार्थी पंकज पहाड़ी (45 वर्ष) अपनी पत्नी मृतिका सुखाड़ी पहाड़ी (40 वर्ष) के साथ पड़ोस के एक घर हंडिया पीने गए थे। शाम करीब 05:30 बजे लौटते समय उनकी पत्नी पेशाब करने के लिए रुकी हुई थी। इसी दौरान प्रार्थी का रिश्ते का भतीजा आरोपी मुकेश पहाड़ी हाथ में टांगी लेकर आया और सीधे मृतिका के गले पर वार कर उसकी हत्या कर दी। पंकज पहाड़ी पर भी वार किया गया, जिससे उनके घुटने में चोट लगी।
पुलिस ने बताया कि मृतिका के गले की चोट से ही उसकी मृत्यु हुई। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से आरोपी कुछ ही घंटों में पकड़ में आया। पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया, शव का पंचनामा किया और डॉक्टर से पोस्टमार्टम कराया।
पूछताछ में आरोपी मुकेश ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसे शक था कि उसकी फुआ मृतिका सुखाड़ी पहाड़ी ने उसके बच्चों पर तंत्र-मंत्र कर दिया था। इस कारण वह काफी समय से पंकज पहाड़ी और मृतिका के साथ चल रहे खेती की जमीन को लेकर विवाद में अत्यंत क्षुब्ध था।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त टांगी और हत्या के समय पहने कपड़े को जप्त किया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया।
मामले की कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव कुमार पांडे, प्रधान आरक्षक लक्ष्मण सिंह, आरक्षक फुलजेंस टोप्पो और नगर सैनिक बलि राम रवि की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा और हत्या में प्रयुक्त सभी सबूत जब्त कर लिए हैं।

