तुलसी में तिल्दा–खरोरा मार्ग पर बनेंगी 28 दुकानें

ग्राम पंचायत ने अतिक्रमण हटाकर व्यावसायिक परिसर निर्माण का प्रस्ताव पारित

By. अविनाश वाधवा

तिल्दा। तिल्दा के समीप ग्राम पंचायत तुलसी में लंबे समय से हो रहे अवैध कब्ज़ों और बाहरी लोगों के बसने पर रोक लगाने के लिए पंचायत ने बड़ा कदम उठाया है। पंचायत ने तिल्दा–खरोरा मुख्य मार्ग स्थित पुरानी सिंघाई कॉलोनी के सामने 28 दुकानों का व्यावसायिक परिसर बनाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया।

पंचायत के अनुसार, तिल्दा रेलवे स्टेशन क्षेत्र में कुछ व्यापारियों की दुकानें टूटने की स्थिति में हैं। ऐसे व्यापारी नए स्थान पर दुकान आवंटन की मांग लेकर ग्राम पंचायत पहुँचे थे। आय बढ़ाने और व्यवस्थित बाज़ार बनाने के उद्देश्य से पंचायत ने यह प्रस्ताव तैयार किया।

मंत्री या जनपद पंचायत का कोई हस्तक्षेप नहीं

ग्राम पंचायत ने स्पष्ट किया कि कुछ लोग इस मामले में जनपद पंचायत व मंत्री टंक राम वर्मा का नाम जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि यह पूरी तरह ग्राम पंचायत स्तर का निर्णय है। पंचायत ने बताया कि न मंत्री और न ही जनपद पंचायत का इस प्रकरण में कोई हस्तक्षेप है।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई

ग्राम पंचायत तुलसी के सरपंच गुलाब आडील ने बताया कि प्रस्तावित भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अतिक्रमण कर लिया गया था। पहले भी 5–6 दुकानों को नोटिस जारी कर हटाने के निर्देश दिए गए थे, क्योंकि क्षेत्र में लगातार कब्ज़ा बढ़ रहा था।

अतिक्रमण हटाने के विरोध में कुछ लोगों ने एसडीएम, तहसीलदार और थाना में शिकायतें भी दी हैं, लेकिन पंचायत का कहना है कि प्रस्तावित 28 दुकानों के निर्माण के लिए अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई पहले से ही नियमानुसार जारी थी, यह नई कार्रवाई नहीं है।

पंचायत की आय बढ़ाने पर जोर

सरपंच ने बताया कि स्टेशन चौक क्षेत्र में टूट रही दुकानों वाले व्यापारियों ने नए व्यावसायिक स्थल का आवेदन दिया था। इसके बाद पंचायत ने आय बढ़ाने और ग्राम में व्यवस्थित बाज़ार विकसित करने के लिए 28 दुकानों का प्रस्ताव पारित किया।

अंत में पंचायत प्रतिनिधि अज़मी ने कहा कि पहले भी अवैध निर्माण और कब्ज़ा हटाने के लिए तहसील कार्यालय में शिकायतें दर्ज की जा चुकी हैं और यह प्रस्तावित दुकानें उन्हीं प्रक्रियाओं का हिस्सा हैं। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का प्रस्तावित निर्माण से कोई संबंध नहीं है।

Back To Top