नगर निगम रायपुर के आकाश तिवारी बने नेता प्रतिपक्ष

रायपुर। नगर पालिक निगम रायपुर में विपक्ष के नेतृत्व में बदलाव किया गया है। निगम अध्यक्ष सूर्यकांत राठौड़ ने आदेश जारी कर पार्षद आकाश तिवारी को नगर निगम रायपुर का नया नेता प्रतिपक्ष घोषित किया है। वे पं. रविशंकर शुक्ल वार्ड क्रमांक 34 से कांग्रेस पार्षद हैं।

यह नियुक्ति शहर जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर के अध्यक्ष के पत्र दिनांक 1 सितंबर 2025 के आधार पर की गई है। जारी आदेश क्रमांक 86/सभापति कार्यालय/2025 के अनुसार, आकाश तिवारी को संदीप साहू, पार्षद वीर सावरकर नगर वार्ड क्रमांक 1, के स्थान पर यह दायित्व दिया गया है। आदेश पर निगम अध्यक्ष (स्पीकर) सूर्यकांत राठौड़ के हस्ताक्षर हैं।

नगर निगम मुख्यालय भवन महात्मा गांधी सदन, गांधी चौक रायपुर से जारी इस आदेश के बाद नेतृत्व परिवर्तन की औपचारिक पुष्टि हो गई है।

कांग्रेस के स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आकाश तिवारी को यह जिम्मेदारी उनकी सक्रियता और संगठनात्मक क्षमता को देखते हुए सौंपी गई है। पार्टी को उम्मीद है कि वे निगम में जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाएंगे।

निगम अध्यक्ष सूर्यकांत राठौड़ ने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र का अहम स्तंभ है और नए नेता प्रतिपक्ष से निगम की कार्यप्रणाली में सकारात्मक बदलाव आएगा। उन्होंने आकाश तिवारी को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं।

Back To Top