नववर्ष 2026 :नगरी में प्रशासन का सघन भ्रमण, शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील

by.चैन सिंह गहने


धमतरी .जिले के नगरी मुख्यालय में नववर्ष 2026 के आगमन को लेकर पुलिस एवं प्रशासन पूरी तरह सतर्क दिखाई दिया। 31 दिसंबर की रात जैसे ही नया वर्ष शुरू हुआ, अनुविभागीय प्रशासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने नगर क्षेत्र में संयुक्त रूप से भ्रमण कर कानून व्यवस्था का जायजा लिया और आम नागरिकों को शांति बनाए रखने का संदेश दिया।
इस अवसर पर एसडीएम प्रीति दुर्गम, एसडीओपी विपिन रंगारी, तहसीलदार चमन लाल ध्रुव, थाना प्रभारी सिहावा निरीक्षक शरद ताम्रकार तथा थाना प्रभारी नगरी निरीक्षक चक्रधर बाघ विशेष रूप से मौजूद रहे। अधिकारियों ने नगर के प्रमुख चौक-चौराहों, बाजार क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया।
प्रशासन की ओर से स्पष्ट निर्देश दिए गए कि नववर्ष के जश्न के दौरान किसी भी प्रकार की हुड़दंगबाजी, नशाखोरी, तेज रफ्तार वाहन चलाने, आपसी विवाद या शांति भंग करने वाली गतिविधियों को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शहरी क्षेत्र के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों में भी पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है।
अधिकारियों ने कहा कि कानून व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सार्वजनिक स्थलों पर अनुशासन बनाए रखने, शांति से नववर्ष मनाने और प्रशासन को सहयोग करने की अपील आम जनता से की गई है।
प्रशासनिक भ्रमण के दौरान नागरिकों में सुरक्षा को लेकर सकारात्मक संदेश गया। लोगों ने भी प्रशासन की इस पहल का स्वागत किया और शांतिपूर्ण ढंग से नववर्ष मनाने का भरोसा दिलाया। प्रशासन ने बताया कि आने वाले दिनों में भी निगरानी जारी रहेगी ताकि क्षेत्र में सौहार्द और कानून व्यवस्था बनी रहे।

Back To Top