बलरामपुर-रामानुजगंज, 22 अक्टूबर 2025।चौकी बलंगी थाना रघुनाथनगर क्षेत्र में एक नाबालिक के अपहरण और फिरौती मांगने का मामला सामने आया। प्रार्थी रामदास यादव ने पुलिस को बताया कि उनके पुत्र नीतीश यादव (15 वर्ष) दिनांक 20 अक्टूबर को कोगवार बाजार गया था। शाम करीब 6:00 बजे मनीष यादव के मोबाइल पर नीतीश का फोन आया, जिसमें उसने बताया कि उसे दुलेश्वर यादव और जागेश्वर यादव ने अपहरण कर लिया है।
शिकायत के अनुसार, दुलेश्वर यादव ने नीतीश का मोबाइल छीनकर धमकी दी कि यदि 10,000 नहीं दिए गए, तो उनके पुत्र को हानि पहुंचाई जाएगी। मनीष यादव के पास पैसा न होने पर, अपने मामा राम भजन के माध्यम से रकम भेजी गई, जिसके बाद दुलेश्वर ने नीतीश को छोड़ दिया।
इस पर वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर चौकी बलंगी पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की। जांच के दौरान आरोपी दुलेश्वर यादव और एक अपचारी बालक का पता लगाया गया। पुलिस ने दोनों को उनके गांव करमडीहा से घेराबंदी कर हिरासत में लिया।
कड़ाई से पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया। पुलिस ने उन्हें 22 अक्टूबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया।
इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति पुलिस की गंभीरता और सक्रियता का संदेश गया। स्थानीय प्रशासन ने अपहरण और फिरौती जैसी घटनाओं पर सख्ती बरतने की दिशा में कार्रवाई तेज करने का आश्वासन दिया है।

