पति ने पत्नी की डंडे से हमला कर की हत्या

बलरामपुर-रामानुजगंज। थाना त्रिकुण्डा क्षेत्र के ग्राम पलगी (केकरझरिया) में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी की लकड़ी के डंडे से सिर पर हमला कर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पति को कुछ ही घंटों में गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामले की जानकारी के अनुसार, अपराध क्रमांक 63/2025 धारा 103(1) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत आरोपी अयोध्या खैरवार, पिता स्वर्गीय रामप्रीत खैरवार, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम पलगी (केकरझरिया), थाना त्रिकुण्डा, जिला बलरामपुर-रामानुजगंज (छ.ग.) को गिरफ्तार किया गया है।

घटना की रिपोर्ट मृतका के देवर दिनेश खैरवार, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम पलगी (केकरझरिया) द्वारा थाना त्रिकुण्डा में दर्ज कराई गई। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी अयोध्या खैरवार की मानसिक स्थिति जुलाई 2025 से ठीक नहीं थी। उसका इलाज ससुराल ग्राम मरमा में चल रहा था। कुछ सुधार आने पर वह 12 अक्टूबर 2025 को अपने घर पलगी लौट आया था।

दिनांक 17 अक्टूबर 2025 की रात करीब 7 से 8 बजे के बीच परिवार के सभी सदस्य भोजन कर अपने-अपने स्थान पर सोने चले गए। घर के परछी में मृतका फुलकुमारी, उसका पति अयोध्या, बच्चे और सास अलता अलग-अलग खाटों पर सोए हुए थे। लगभग रात 9 बजे आरोपी अयोध्या खैरवार अचानक अपने बिस्तर से उठा और किचन में रखी लकड़ी का डंडा उठाकर पत्नी फुलकुमारी के सिर, कनपटी और जबड़े पर एक के बाद एक वार कर दिए।

हमले की आवाज सुनकर मृतका का देवर दिनेश खैरवार अपने कमरे से बाहर निकला और आरोपी को पकड़ने का प्रयास करते हुए शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर बच्चे और आसपास के लोग भी जाग गए। पड़ोसी देवनाथ पंडो और आरोपी का बड़ा भाई चंद्रिका सिंह मौके पर पहुंचे तो देखा कि फुलकुमारी के सिर और जबड़े में गंभीर चोटें थीं और खून बह रहा था। मृतका की सास अलता ने जब शरीर को छूकर देखा तो पाया कि उसकी सांसें थम चुकी थीं।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण इकट्ठे हो गए और पुलिस को खबर दी गई। थाना त्रिकुण्डा पुलिस ने वरिष्ठ अधिकारियों को मामले से अवगत कराते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल पहुंचकर छानबीन की और आरोपी की घेराबंदी कर उसे मौके से ही हिरासत में ले लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी अयोध्या खैरवार ने पत्नी की हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस ने विधिवत कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

थाना प्रभारी त्रिकुण्डा ने बताया कि मृतका के शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना में प्रयुक्त लकड़ी का डंडा जब्त कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की मानसिक स्थिति और हत्या की परिस्थितियों की जांच जारी है।प्रकरण विवेचना अधीन है।

Back To Top