जशपुर। थाना पत्थलगांव क्षेत्र के शासकीय अस्पताल से नवजात बच्ची को इलाज के बहाने ले जाकर अवैध रूप से एक दंपत्ति को सौंपने का मामला सामने आया है। मामले में पुलिस ने आरोपिया नर्स अनुपमा टोप्पो (33 वर्ष), निवासी गिरांग थाना सिटी कोतवाली जशपुर तथा कोरबा निवासी दंपत्ति निशिकांत मिंज (43 वर्ष) और सुमन वानी मिंज (43 वर्ष) को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब नवजात के पिता सुखदेव नाग (45 वर्ष) निवासी कोडेकेला, पत्थलगांव ने 13 सितंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि प्रसव के बाद नर्स बच्ची को टीकाकरण व इलाज के नाम पर ले गई और कुछ कागजों पर दस्तखत कराकर बच्ची को निशिकांत व सुमन वानी मिंज को सौंप दिया। बच्ची लंबे समय तक वापस नहीं मिलने पर प्रार्थी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देश पर एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश जायसवाल के नेतृत्व में तत्काल कार्रवाई की गई। विवेचना के दौरान आरोपी दंपत्ति से कानूनी दस्तावेज मांगे गए, किंतु वे प्रस्तुत नहीं कर सके। सबूतों के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने नवजात बच्ची को आरोपियों के कब्जे से बरामद कर सुरक्षित रूप से चाइल्ड हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में रखा है।
कार्रवाई में एसडीओपी पत्थलगांव धुर्वेश जायसवाल, थाना प्रभारी निरीक्षक विनीत कुमार पांडे, उप निरीक्षक संतोष तिवारी, प्रधान आरक्षक मिथलेश यादव और आरक्षक तुलसी रात्रे की अहम भूमिका रही।

