पति ,पत्नी के बीच इंस्टाग्राम रील बनाने को लेकर हुआ विवाद ,मौत

बलरामपुर। थाना राजपुर के अंतर्गत चौकी बरियों क्षेत्र में पत्नी की संदिग्ध मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के जानकारी के मुताबिक दिनांक 22/10/2025 को ग्राम अखोराखुर्द (जवाखाड़) निवासी हिरनराम पिता बंदे राम, उम्र 30 वर्ष, ने चौकी बरियों में रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसके गांव के कुन्दन राम पहाड़ी कोरवा, उम्र 28 वर्ष, ने बताया कि उसकी पत्नी किरन के छाती में चाकू लग गया है। सूचना मिलने पर हिरनराम अपने साथी के साथ मौके पर पहुँचा, जहाँ देखा कि किरन कमरे के अंदर बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी थी। उसके छाती में बाईं ओर गहरा घाव था और मृतका के पास से खून के निशान भी मिले।

पूछताछ में आरोपी कुन्दन राम ने बताया कि उसकी पत्नी इंस्टाग्राम पर रील बनाकर डालती थी, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी बात को लेकर कल शाम भी झगड़ा हुआ था। आज सुबह पत्नी फिर बिजली का तार जोड़ने को लेकर बहस करने लगी और चाकू लेकर धमकाने लगी। आरोपी ने गुस्से में पैर से धक्का मारा, जिससे चाकू उसकी पत्नी के सीने में घुस गया और उसकी मौत हो गई। इसके बाद उसने डर के कारण चाकू निकालकर चुल्हे के पास फेंक दिया।

सूचना पर चौकी बरियों पुलिस द्वारा अपराध क्रमांक 238/2025 धारा 103(1) भा.न्यां.सं. के तहत मामला दर्ज कर विवेचना में लिया गया। घटना स्थल निरीक्षण कर एक नग चाकू जब्त किया गया है। आरोपी कुन्दन राम पिता मोतीराम, जाति पहाड़ी कोरवा, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम अखोराखुर्द (जवाखाड़) को गिरफ्तार कर आज दिनांक 23/10/2025 को न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।

प्रकरण की कार्यवाही में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक रविन्द्र प्रताप सिंह, प्रधान आर0 453 प्रदीप यादव, प्रधान आरक्षक 670 विजय गुप्ता, आरक्षक क्र. 677 जगनाथ केराम, महिला आर० 328 सरिता सिंह का विशेष सहयोग रहा।

Back To Top