जशपुरनगर, 17 मार्च 2026।जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम प्रेमनगर केराडीह में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार महिलाओं सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक सुनील राम की पत्नी मीरा बाई ने अपने परिजनों को बुलाकर पति के साथ मारपीट कराई थी। घटना के दो दिन बाद गंभीर चोटों के कारण सुनील राम की मौत हो गई।
इस मामले में पुलिस ने मीरा बाई (20 वर्ष), मुनिया बाई (38 वर्ष), मीना बाई (22 वर्ष), पुष्पा बाई (35 वर्ष) और शंकर राम (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी जशपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं।
घटना की रिपोर्ट मृतक की मां पार्वती बाई (55 वर्ष) ने 4 मार्च को थाना नारायणपुर में दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के अनुसार, सुनील राम करीब 6 महीने पहले प्रेम संबंध के चलते मीरा बाई को अपने साथ ले आया था और उसे पत्नी के रूप में रख रहा था।
1 मार्च को सुनील राम ने घर आकर बताया कि उसकी पत्नी और उसके रिश्तेदारों ने उसके साथ मारपीट की है। इसके दो दिन बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और शाम करीब 5 बजे उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की और पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शरीर में आई चोटों को मृत्यु का कारण पाए जाने पर हत्या का मामला दर्ज किया गया। इसके बाद जांच के दौरान सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
पूछताछ में यह सामने आया कि मीरा बाई ने ही अपने परिजनों को बुलाकर विवाद के दौरान सभी ने मिलकर सुनील राम के साथ मारपीट की थी।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(1) एवं 190 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
इस पूरी कार्रवाई में उप निरीक्षक विवेक भगत, संतोष तिवारी, सहायक उप निरीक्षक उमेश प्रभाकर, प्रधान आरक्षक उमेश मिंज सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

