सरपंच ने पंचों संग एसपी को सौंपा ज्ञापन

जांजगीर-चांपा।जिले में पत्रकारिता की आड़ में दबंगई और अवैध वसूली का एक गंभीर मामला सामने आया है। नवागढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत पुटपुरा में एक युवक पर स्वयं को पत्रकार बताकर शासकीय विकास कार्य में बाधा डालने, पंचायत प्रतिनिधियों को धमकाने और पैसों की मांग करने का आरोप लगा है। मामले को लेकर ग्राम पंचायत की सरपंच ने पंचों के साथ पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर लिखित शिकायत सौंपते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
सरपंच सुचिता देवी राठौर ने शिकायत में बताया कि 2 फरवरी 2025 को ग्राम पंचायत पुटपुरा के वार्ड क्रमांक 05 में सीसी रोड निर्माण का कार्य चल रहा था। इसी दौरान ग्राम तिलई निवासी दीपक तिवारी नामक युवक मौके पर पहुंचा और स्वयं को पत्रकार बताते हुए पंचायत प्रतिनिधियों पर दबाव बनाने लगा। आरोप है कि युवक ने मजदूरों को काम बंद कराने के लिए उकसाया, गाली-गलौज की और मौके पर मौजूद महिलाओं से अभद्र व्यवहार किया। हंगामे के चलते सीसी रोड निर्माण कार्य घंटों तक बाधित रहा।
शिकायत में यह भी उल्लेख किया गया है कि इसके बाद आरोपी युवक सरपंच के निवास पर पहुंचा और पत्रकारिता का भय दिखाकर कथित विज्ञापन के नाम पर पैसों की मांग करने लगा। जब अन्य पंचायतों से जानकारी ली गई, तो सामने आया कि संबंधित युवक जिले के किसी भी मान्यता प्राप्त समाचार पत्र, चैनल या मीडिया संस्थान से जुड़ा नहीं है।
फर्जी पत्रकारों पर कार्रवाई की मांग
सरपंच का कहना है कि यदि ऐसे फर्जी पत्रकारों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो पंचायत एवं अन्य शासकीय विकास कार्यों में लगातार बाधा उत्पन्न होती रहेगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की गंभीर जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, आरोपी युवक द्वारा पहले भी डराने-धमकाने और वसूली की कोशिश किए जाने की चर्चा है। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या पत्रकारिता की साख को नुकसान पहुंचाने वाले ऐसे फर्जी तत्वों पर कानून का शिकंजा कसेगा, या फिर पत्रकार बनने की आड़ में वसूली का यह खेल यूँ ही चलता रहेगा।
फिलहाल पुलिस प्रशासन ने मामले की जांच किए जाने की बात कही है।

