परसदा में संचालित नंदन स्मेटल्स पर गिर सकती है गाज

विभागीय जांच में बड़ा खुलासा, छत्तीसगढ़ मीडिया एसोसिएशन की शिकायत पर हुई कार्रवाई

श्रम अधिनियम का उद्योग कर रहा खुला उल्लंघन, दो मजदूरों को मनमाने ढंग से निकाला गया

तिल्दा-नेवरा (रायपुर)। अविनाश वाधवा। जनपद तिल्दा क्षेत्र स्थित मेसर्स नंदन स्मेटल्स प्राइवेट लिमिटेड उद्योग में श्रमिकों के साथ शोषण और श्रम अधिनियम के उल्लंघन का मामला सामने आया है। इस गंभीर मुद्दे की शिकायत छत्तीसगढ़ मीडिया एसोसिएशन ने संबंधित विभाग को सौंपी थी, जिसके बाद श्रम विभाग ने जांच शुरू की।

श्रम निरीक्षक सियाराम पटेल द्वारा किए गए निरीक्षण में पाया गया कि नंदन स्मेटल्स प्रबंधन ने न्यूनतम वेतन अधिनियम, वेतन भुगतान अधिनियम, श्रमिक कल्याण अधिनियम और सुरक्षा उपकरण अधिनियम सहित कई बिंदुओं पर श्रम कानूनों का पालन नहीं किया है।

श्री पटेल ने बताया कि उद्योग प्रबंधन को पहले नोटिस देकर जवाब मांगा गया था, लेकिन संतोषजनक उत्तर प्राप्त नहीं हुआ। अब विभाग इस मामले को न्यायालय में ले जाने की तैयारी कर रहा है।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि उद्योग में कार्यरत दो श्रमिकों को मनमाने ढंग से काम से हटा दिया गया। दोनों श्रमिकों ने पारिवारिक कारणों और मजदूरी दर में कटौती के विरोध में 12 घंटे कार्य करने से असमर्थता जताई थी, जिसके बाद उन्हें बाहर कर दिया गया।

प्रभावित श्रमिकों ने अपनी पीड़ा छत्तीसगढ़ मीडिया एसोसिएशन के समक्ष रखी। एसोसिएशन के प्रदेश कार्यकारिणी व रायपुर जिलाध्यक्ष शैलेश सिंह राजपूत ने श्रम आयुक्त से इस मामले में जांच कर श्रमिकों को न्याय दिलाने की मांग की थी।

श्रम विभाग की प्रारंभिक जांच में उद्योग प्रबंधन के खिलाफ कई गंभीर अनियमितताएं पाई गई हैं। विभाग अब आगे की कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया में जुट गया है।

Back To Top