प्रधानमंत्री ने की अंबिकापुर के ‘Garbage Café’ की सराहना, मुख्यमंत्री बोले – पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का क्षण

रायपुर / अंबिकापुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 127वें संस्करण में छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर का विशेष उल्लेख किया। उन्होंने नगर निगम अंबिकापुर द्वारा संचालित ‘Garbage Café’ और भारतीय नस्ल के श्वानों की उपलब्धि की सराहना की। प्रधानमंत्री ने कहा कि स्वच्छता और आत्मनिर्भरता के क्षेत्र में अंबिकापुर ने देशभर में एक आदर्श स्थापित किया है।

प्रधानमंत्री द्वारा इस उपलब्धि का जिक्र किए जाने पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने खुशी जताई और कहा कि यह पूरा छत्तीसगढ़ प्रदेश के लिए सम्मान की बात है। मुख्यमंत्री ने रविवार को राजधानी रायपुर के शांति नगर में ‘मन की बात’ का श्रवण किया और कहा कि प्रधानमंत्री का उल्लेख यह साबित करता है कि छत्तीसगढ़ के लोग स्वच्छता और नवाचार की दिशा में लगातार नई मिसालें पेश कर रहे हैं।

अंबिकापुर में शहर से प्लास्टिक कचरा हटाने और पर्यावरण संरक्षण के लिए नगर निगम ने ‘Garbage Café’ की शुरुआत की थी। इस कैफे की विशेषता यह है कि यहाँ प्लास्टिक कचरा लेकर आने वाले लोगों को भोजन दिया जाता है। यदि कोई व्यक्ति एक किलो प्लास्टिक लेकर आता है तो उसे भरपेट दोपहर या रात का खाना मिलता है, जबकि आधा किलो प्लास्टिक लाने पर नाश्ता दिया जाता है।

इस पहल का उद्देश्य न केवल शहर को प्लास्टिक मुक्त बनाना है, बल्कि गरीब और जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराना भी है। अंबिकापुर नगर निगम ने इस योजना से अब तक हजारों किलो प्लास्टिक कचरा एकत्र कर उसका पुनर्चक्रण (रीसायकल) कराया है।

नगर निगम के अधिकारी बताते हैं कि एकत्रित प्लास्टिक का उपयोग सड़क निर्माण में किया जा रहा है, जिससे पर्यावरण के अनुकूल सड़कें बन रही हैं। इस प्रयास ने अंबिकापुर को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल करा दिया है।

प्रधानमंत्री द्वारा सराहना किए जाने के बाद पूरे प्रदेश में गर्व और उत्साह का माहौल है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि यह उपलब्धि हर नागरिक के सहयोग से संभव हुई है और अब लक्ष्य है कि छत्तीसगढ़ के सभी नगर अंबिकापुर के मॉडल पर काम करें, ताकि प्रदेश स्वच्छता में देशभर में अग्रणी बना रहे।

Back To Top