बीजेपी कार्यकर्ता ने की शिकायत आरोपी गिरफ्तार

बलरामपुर, 25 अक्टूबर 2025 | प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के खिलाफ फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी करने वाले शासकीय कर्मचारी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामला थाना कोतवाली बलरामपुर का है।
पुलिस के जानकारी के अनुसार, प्रार्थी विजय प्रताप सिंह (46 वर्ष), निवासी बड़कीमहरी, ने शिकायत दर्ज कराई थी कि दिनांक 24 अक्टूबर 2025 को वे बीजेपी कार्यालय बलरामपुर में पार्टी की बैठक में मौजूद थे। इसी दौरान सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर ईश्वरी प्रसाद टंडन नामक व्यक्ति द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के संबंध में अपमानजनक, अभद्र और असंवेदनशील भाषा का प्रयोग करते हुए पोस्ट की गई।
आरोपी ईश्वरी प्रसाद टंडन (47 वर्ष), पिता स्व. राजकुमार टंडन, निवासी जांजगीर (जिला जांजगीर-चांपा), शासकीय सेवा में कार्यरत हैं। पुलिस ने प्रार्थी की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 152/2025, धारा 296, 352, 353(1), 363(1), 353 BNS के तहत मामला दर्ज किया।
विवेचना के दौरान आरोपी को थाना तलब कर पूछताछ की गई। पूछताछ में अपराध की पुष्टि होने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
थाना कोतवाली पुलिस का कहना है कि शासकीय कर्मचारी द्वारा इस प्रकार का कृत्य न केवल आचार संहिता का उल्लंघन है बल्कि प्रधानमंत्री पद की गरिमा और सार्वजनिक शिष्टाचार के भी खिलाफ है।

