फर्जी सशस्त्र बल का जवान बनकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी

पुलिस की वर्दी पहनकर कलेक्ट्रेट परिसर जशपुर में घूमता था 

जशपुर। फर्जी तरीके से छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का जवान बनकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले आरोपी को जशपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी ने दो महिलाओं को झांसे में लेकर लाखों रुपये की ठगी की थी।

आरोपी पुन्नी लाल अनंत (27 वर्ष), निवासी ग्राम टाडा दर्रीकापा, थाना कोटा, जिला बिलासपुर, जशपुर में किराए के मकान में रहकर स्वयं को छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल का सिपाही बताता था। वह पुलिस की वर्दी पहनकर कलेक्ट्रेट परिसर जशपुर में घूमता रहता था।

दिनांक 08.12.2025 को प्रार्थिया सीमा बाई (39 वर्ष), निवासी झरगांव, चौकी सोनक्यारी, ने थाना सिटी कोतवाली जशपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि दिनांक 28.08.2025 को कलेक्ट्रेट परिसर में उसकी मुलाकात वर्दीधारी आरोपी से हुई। आरोपी ने अपनी ऊंची पहुंच बताते हुए मत्स्य विभाग में नौकरी लगवाने का झांसा दिया और कुल 4 लाख रुपये की मांग की। प्रार्थिया ने भरोसा कर 02 लाख रुपये आरोपी को दे दिए।

इसके अतिरिक्त आरोपी ने प्रार्थिया की भतीजी को डाटा एंट्री ऑपरेटर की नौकरी दिलाने के नाम पर उसके शैक्षणिक दस्तावेज (मार्कशीट, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड आदि) भी अपने पास रख लिए तथा 3 लाख रुपये की अतिरिक्त मांग की। बाद में प्रार्थिया को ज्ञात हुआ कि आरोपी कोई पुलिसकर्मी नहीं है और उसके साथ धोखाधड़ी की गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना सिटी कोतवाली जशपुर में आरोपी के विरुद्ध बीएनएस की धारा 318(2), 318(4) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। घटना के बाद से फरार आरोपी की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

मुखबिर सूचना व तकनीकी टीम की सहायता से आरोपी के बिलासपुर स्थित गृह ग्राम में होने की जानकारी मिली, जिसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर बिलासपुर भेजी गई। पुलिस टीम ने आरोपी को उसके घर से घेराबंदी कर हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार करते हुए बताया कि वह वर्दी पहनकर लोगों को नौकरी दिलाने का झांसा देता था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नौकरी के नाम पर लिए गए दस्तावेज जप्त किए हैं। पर्याप्त साक्ष्य पाए जाने पर आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जशपुर शशि मोहन सिंह ने बताया कि फर्जी सशस्त्र बल का जवान बनकर ठगी करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

Back To Top