बाड़ी में उगा रखा था गांजा का पौधा,गिरफ्तार

किसी बड़े नेटवर्क या तस्करी से जुड़ाव की भी जांच चल रही

बलरामपुर। थाना कुसमी पुलिस ने अवैध रूप से मादक पदार्थ गांजा का पौधा उगाने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है। यह कार्रवाई एनडीपीएस एक्ट के तहत की गई है।मिली जानकारी के अनुसार, 09 अक्टूबर 2025 को थाना कुसमी पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम घुईझरिया (अमरपुर) निवासी किशुन यादव अपने घर की बाड़ी में नहानी घर के पास चोरी-छिपे मादक पदार्थ गांजा का पौधा लगाए हुए है। सूचना की पुष्टि के बाद थाना प्रभारी के निर्देशन में पुलिस टीम मौके पर रवाना हुई।गवाहों की मौजूदगी में जब पुलिस ने आरोपी किशुन यादव के घर की बाड़ी की तलाशी ली, तो वहां एक हरा पत्तेदार, जड़ एवं डाल सहित गांजा का पौधा उगाया हुआ मिला। पुलिस ने मौके पर ही पौधे को जब्त करते हुए आरोपी को हिरासत में ले लिया।

एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध किया

थाना कुसमी पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 86/2025 धारा 20(क) एवं 20(ख) एनडीपीएस एक्ट के तहत अपराध दर्ज किया है। आरोपी से पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि उसने पौधा अपने उपयोग के लिए लगाया था, हालांकि इसके पीछे किसी बड़े नेटवर्क या तस्करी से जुड़ाव की भी जांच की जा रही है।थाना प्रभारी कुसमी ने बताया कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार और उत्पादन पर पुलिस की सख्त नजर है। गांवों में इस तरह के मामलों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी रूप में नशे के स्रोत को फैलने से रोका जा सके।आरोपी किशुन यादव, निवासी ग्राम घुईझरिया, अमरपुर को आज दिनांक 10 अक्टूबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड हेतु माननीय न्यायालय में पेश किया गया है

पुलिस ने की अपील

पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि ऐसे किसी भी व्यक्ति की सूचना जो मादक पदार्थों की खेती, बिक्री या तस्करी में संलिप्त हो, तत्काल पुलिस को दें। सूचना देने वाले का नाम गुप्त रखा जाएगा।

Back To Top