बिजली बिल वृद्धि और स्मार्ट मीटर विरोध में ब्लॉक कांग्रेस का हल्ला बोल, विद्युत विभाग का किया घेराव

कुनकुरी। बढ़ते बिजली बिलों और स्मार्ट मीटर लगाने की योजना को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी कुनकुरी ने सोमवार को सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। कार्यकर्ताओं ने नारेबाज़ी करते हुए विद्युत कार्यालय का घेराव और तालाबंदी की, जिससे पूरा परिसर “बिजली बिल कम करो स्मार्ट मीटर बंद करो” जैसे नारों से गूंज उठा।

कांग्रेस नेताओं का कहना है कि बिजली दरों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से आम उपभोक्ता परेशान हैं और सरकार जनता की जेब पर सीधा बोझ डाल रही है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर बिजली बिलों में राहत नहीं दी गई, तो आंदोलन को और तेज़ किया जाएगा।

जिलाध्यक्ष मनोज सागर यादव का वक्तव्य

जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनोज सागर यादव ने कहा —
“सरकार ने बिजली दरें बढ़ाकर गरीब और मध्यमवर्गीय लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। बढ़ती महंगाई के बीच जनता पहले ही त्रस्त है और अब बिजली बिलों ने घरों का बजट बिगाड़ दिया है। कांग्रेस जनता की आवाज़ बनकर सड़कों पर उतरी है, जब तक राहत नहीं मिलेगी, संघर्ष जारी रहेगा।”

नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील गुप्ता की प्रतिक्रिया

नगर पंचायत अध्यक्ष विनयशील गुप्ता ने कहा “राज्य सरकार को 400 यूनिट तक की बिजली बिल हाफ योजना तत्काल लागू करनी चाहिए। बिजली दरों में की गई वृद्धि को वापस लिया जाए और स्मार्ट मीटर लगाने का निर्णय वापस किया जाए। आज हर वर्ग इस नीति से परेशान है।”

प्रशासन की मौजूदगी में शांतिपूर्ण प्रदर्शन

विरोध प्रदर्शन के दौरान एसडीओपी विनोद कुमार मंडावी और थाना प्रभारी राकेश यादव पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। पुलिस ने स्थिति पर नज़र बनाए रखी और प्रदर्शन शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।

कार्यक्रम में शामिल रहे

इस विरोध कार्यक्रम में मनोज सागर यादव, एस. इलयास, विनयशील गुप्ता, ताहिर अली, रॉबर्ट एक्का, राकेश देवांगन, आशीष सतपति, शहजाद अली, अजीत केरकेट्टा, मुकेश नायक, मोनू अग्रवाल, अरशद हुसैन, एजेम टोप्पो समेत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के सैकड़ों कार्यकर्ता और महिला सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहीं।

Back To Top